दो भाइयों पर दीवार गिरी, एक की मौत, दूसरा घायल

लगातार हो रही बारिश के कारण दोघट और फौलादनगर गांव में हादसे हो गए।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 28 Jul 2021 09:48 PM (IST) Updated:Wed, 28 Jul 2021 09:48 PM (IST)
दो भाइयों पर दीवार गिरी, एक की मौत, दूसरा घायल
दो भाइयों पर दीवार गिरी, एक की मौत, दूसरा घायल

बागपत, जेएनएन। लगातार हो रही बारिश के कारण दोघट और फौलादनगर गांव में हादसे हो गए। दोघट में गिरी दीवार के नीचे दबकर एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर, फौलादनगर गांव में भी कमरे की छत गिरने से एक व्यक्ति और उसके तीन बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए बिनौली सीएचसी भर्ती कराया, जहां को मेरठ के लिए रेफर किया है।

दोघट कस्बे में कांहड जाने वाले रास्ते पर रणधीर रोड़ी बजरपुर की दुकान करता है। दुकान के पास खाली जगह पड़ी हुई है। बुधवार दोपहर लगभग तीन बजे नीरज का छह साल बेटा गोलू और 12 साल का विनय अपने घेर में बाबा राजेंद्र के पास से वापस घर आ रहे थे। बारिश के कारण दोनों दुकान के पास खाली जगह से निकल रहे थे। इसी दौरान दुकान की लगभग 20 फुट लंबी दीवार भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे के नीचे दोनों भाई दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर रणधीर मौके पर दौड़ा, तो मलबे से विनय का एक हाथ निकला देखा तो उसने किसी तरह विनय को मलबे से बाहर निकाला। कई लोग और भी मौके पर पहुंच गए। विनय ने उसे बताया कि उसका छोटा भाई गोलू भी मलबे के नीचे दबा हुआ है। लोगों ने मलबा हटाकर गोलू को भी बाहर निकाला, लेकिन मौके पर गोलू की मौत हो चुकी थी। विनय को घायल अवस्था में आस्था अस्पताल बड़ौत में भर्ती कराया है। हादसे के बाद नीरज के घर कोहराम मच गया। गोलू की मां पूनम, बहन वंशिका, दादी संसारी का रो-रोकर बुरा हाल है। तहसीलदार प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। तहसीलदार ने बताया कि स्वजन ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। स्वजन ने बच्चे के शव को दफना दिया है।

उधर, फौलादनगर गांव में मीरहसन अपने मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में बैठा हुआ था। उसके बेटे पाशू, आबिद और वाकिब भी कमरे में मौजूद थे। इसी दौरान कमरे की छत गिर गई और चारों मलबे के नीचे दब गए। छत गिरने की आवाज सुनकर स्वजन और दूसरे लोगों ने चारों को मलबे के नीचे से निकाला और बिनौली सीएचसी पर भर्ती कराया। चिकित्सक ने पाशू को मेरठ मेडिकल के लिए रेफर कर दिया है। वहीं अन्य को उपचार के बाद घर भेज दिया।

chat bot
आपका साथी