बौपुरा व पलड़ी में गोवंश का कटान, लोगों में आक्रोश

दोघट क्षेत्र के बौपुरा गांव के जंगल में गोवंश कटान कर अवशेषों को गन्ने के खेत में डाल दिया.

By JagranEdited By: Publish:Thu, 09 Sep 2021 09:53 PM (IST) Updated:Thu, 09 Sep 2021 09:53 PM (IST)
बौपुरा व पलड़ी में गोवंश का कटान, लोगों में आक्रोश
बौपुरा व पलड़ी में गोवंश का कटान, लोगों में आक्रोश

बागपत, जेएनएन। दोघट क्षेत्र के बौपुरा गांव के जंगल में गोवंश कटान कर अवशेषों को गन्ने के खेत में इधर उधर फेंक दिया गया। इस घटना से लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।

बौपुरा गांव के रहने वाले इमरान ने बताया कि गुरुवार सुबह उसका चचेरा भाई शकील खेत में पहुंचा, तो उसने उसके गन्ने के खेत में गोवंश के अवशेष पड़े हुए देखे। इसके बाद वह भी खेत में पहुंचा और अवशेष देख पुलिस को घटना की जानकारी दी। इंस्पेक्टर बिजाराम सिंह और सीओ बड़ौत आलोक सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जानकारी के बाद पशु चिकित्सा अधिकारी निरपुड़ा डा. पूर्णचंद व पशु चिकित्सा अधिकारी बामनौली डाक्टर रोहित वर्मा को बुलाया। पशु चिकित्सकों ने अवशेषों की जांच की। संभवत तीन गोवंश का कटान किया है। पशु चिकित्सकों ने बताया कि मौके पर मिले अवशेषों में 11 पैर हैं। जिससे जाहिर होता है कि तीन गोवंश का कटान किया है। पुलिस ने अवशेषों को जमीन में दबवा दिया। इसके अलावा पलड़ी गांव के जंगल में शकील के गन्ने के खेत मे गोवंश कटान की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां खेत में पशु कटान किए जाने के निशान मिले। खेत के अंदर एक जगह फसल टूटी हुई थी और गोबर पड़ा हुआ था। खून के छींटे गन्ने की पत्तियों पर लगे थे। दारोगा ओमप्रकाश बघेल ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया है। सीओ आलोक सिंह ने बताया कि गोवंश का दूसरे स्थान पर कटान कर बौपुरा में अवशेष फेंके हैं। जल्द ही घटना का राजफाश कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी