पैदल चलने लायक भी नहीं बड़ौत की सड़कें, परेशान हैं लोग
बागपत जेएनएन। शहर की सड़कें चलने लायक ही नहीं रही है यह इन सड़कों पर चलने वाले लोग
बागपत, जेएनएन। शहर की सड़कें चलने लायक ही नहीं रही है यह इन सड़कों पर चलने वाले लोग कह रहे हैं। प्रमुख सड़कों में इतने गड्ढे हो गए हैं कि चलने में परेशानी होती हैं। सड़कों में जगह-जगह रोड़ी उखड़कर बाहर आ गई है। सवाल दो है पहला, सड़कों का निर्माण कब होगा और दूसरा, इस परेशानी से लोगों को राहत कब मिलेगी? बहराल लोगों ने नगर पालिका के अधिकारियों से सड़कों के निर्माण की मांग की है। उधर, नगर पालिका के अधिकारियों का कहना है कि शहर की चार सड़कों के पुन निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है।
नेहरू रोड, गांधी रोड, बड़का रोड और गुराना रोड शहर की प्रमुख सड़कों में से हैं। चारों ही सड़कों पर दिन भर लोग पैदल और दुपहिया वाहनों पर चलते हैं। सड़कों पर गड्ढों की भरमार हो गई है। सड़कों पर रोड़ियां फैली पड़ी है। लोगों को पैदल चलने में परेशानी होती है। दुपहिया वाहन भी ठीक से नहीं चल पाते हैं। पांच साल से ज्यादा हो गया जब इन सड़कों का निर्माण हुआ था, तब से इनकी मरम्मत ही होती आ रही है, निर्माण नहीं हुआ है, जिसके कारण अब ये सड़कें चलने योग्य नहीं रह गई हैं। सचिन, हिमांशु, जगदीश आदि लोगों ने नगर पालिका अधिकारियों से सड़कों के निर्माण की मांग की है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अनुज कुमार कौशिक ने बताया कि नेहरू रोड, गांधी रोड, बड़का रोड और गुराना रोड के पुन निर्माण का प्रस्ताव बनाकर भेज रखा है। धनराशि स्वीकृत और अवमुक्त होने के बाद सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।