किसान मजदूरों की हितों की अनदेखी रही सरकार

गल्हैता गांव में बुधवार को रालोद के चलो गांव की ओर जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत सभा हुई जिसमें वक्ताओं ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों को किसान मजदूर विरोध बताया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 08:07 PM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 08:07 PM (IST)
किसान मजदूरों की हितों की अनदेखी रही सरकार
किसान मजदूरों की हितों की अनदेखी रही सरकार

बागपत, जेएनएन। गल्हैता गांव में बुधवार को रालोद के चलो गांव की ओर जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत सभा हुई, जिसमें वक्ताओं ने भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकारों को किसान मजदूर विरोधी बताया।

पूर्व विधायक डाक्टर अजय कुमार ने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार पूंजीपतियों के इशारे पर कार्य कर रही है। सरकार ने खेती को बर्बाद करने के लिए काले कृषि कानून पारित किए हैं, जिनके विरोध में किसान दिल्ली में जान गंवा रहे हैं। राष्टीय सचिव डाक्टर कुलदीप उज्ज्वल ने कहा कि किसान मजदूरों के हकों के लिए रालोद संघर्ष कर रहा है। जिला पंचायत सदस्य सुभाष गुर्जर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह की नीतियों से ही किसान, मजदूर, व्यापारी हर वर्ग का हित हो सकता है। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का कार्यकर्ताओं से आह्वान किया। जिलाध्यक्ष जगपाल सिंह तेवतिया की अध्यक्षता व प्रवीण वालिया के संचालन में हुई सभा मे जिला पंचायत अध्यक्ष पति जयकिशोर, राजू तोमर सिरसली, श्रीपाल धामा, गगन धामा, उपेंद्र, सुधीर त्यागी, रामगोपाल, भरत सिंह, बलवान सिंह, रामकुमार वालिया, ब्रह्मपाल शर्मा आदि मौजूद रहे।

किसान मजदूर संगठन 21 सितंबर से पदयात्रा शुरू करेगा

संवाद सूत्र, दाहा : किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अन्नू मलिक ने कहा कि भाजपा किसान विरोधी सरकार है। किसानों की समस्याओं को लेकर किसान मजदूर संगठन 21 सितंबर से किसान मजदूर पदयात्रा शुरू करेगा, जो सहारनपुर से दिल्ली पहुंचेगी।

किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अन्नू मलिक ने दोघट कस्बे में पत्रकारों को वार्ता के दौरान कहा कि सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है। सरकार भूल रही है कि ये ही किसान सरकार बनवाने में शामिल रहे थे। किसान मजदूर संगठन 21 सितंबर से सहारनपुर से दिल्ली के लिए पदयात्रा शुरू करेगा, जिसमे गन्ने का भुगतान अविलंब कराने, वृद्धावस्था पेंशन, प्रदेश सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी, बिजली के बिल हरियाणा व पंजाब की तरह कम किए जाने या माफ किए जाने, बेरोजगारी भत्ता दिलाया जाए, बेसहारा गोवंश से किसान को निजात दिलाए जाने, क्षेत्र के जर्जर संपर्क मार्गों की मरम्मत कराए जाने आदि मुद्दों को लेकर यात्रा निकालेंगे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कालूराम हिलवाड़ी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी