पति की हत्या का सनसनीखेज कबूलनामा

करवाचौथ के दिन पत्नी पति की लंबी आयु की कामना करती हैं।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 11:06 PM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 11:06 PM (IST)
पति की हत्या का सनसनीखेज कबूलनामा
पति की हत्या का सनसनीखेज कबूलनामा

बागपत, जेएनएन। करवाचौथ के दिन पत्नी पति की लंबी आयु की कामना करती हैं, लेकिन बिजरौल गांव की एक महिला प्यार में इतनी अंधी हो गई कि उसने इस खास दिन ही पति की जिदगी छीन ली। उसने घर पर सोते हुए पति को प्रेमी के हाथों सौंप दिया और प्रेमी ने गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपित पत्नी से पुलिस ने पूछताछ की तो उसने हत्याकांड का सनसनीखेज कबूलनामा किया। पेश हैं पुलिस और महिला के बीच हुए कुछ सवाल-जवाब।

पुलिस:- नागेंद्र से मुलाकात कैसे और कहां हुई?

महिला:- सास का न्यूटिमा अस्पताल मेरठ में उपचार हो रहा था। उन दिनों अस्पताल में तैनात बाउंसर नागेंद्र से मुलाकात हुई।

पुलिस:- नागेंद्र से नजदीकी कैसे बढ़ी? पति को कैसे पता चला?

महिला:- नागेंद्र फोन से बातें करना लगा। इसके बाद मौके के अनुसार कभी बिजरौल तो कभी मेरठ में दोनों मिलने लगे।

पुलिस:- फरवरी-21 को क्या हुआ था?

महिला:- नागेंद्र मेरे घर पर आया था। पति ने आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। पति और प्रेमी में मारपीट हुई थी। नागेंद्र भाग गया था।

पुलिस:- इसके बाद क्या दोनों का मिलना-जुलना बंद हो गया?

महिला:- कुछ दिन के लिए, बाद में फिर बातचीत शुरू हो गई। मौका देख कर नागेंद्र घर आया और बात करने के लिए फोन दे गया।

पुलिस:- क्या फिर पति को पता नहीं चला?

महिला:- पता था, इसी को लेकर पति मारपीट करता था। परेशान होकर उसने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई थी।

पुलिस:- वरुण का अपहरण कैसे हुआ?

महिला:- नागेंद्र ने नींद की गोलियां भिजवाई थी। उसने करवाचौथ पर पति को मिठाई में चार-पांच नींद की गोलियां खिला दी। पति नशे में सो गया। योजनानुसार नागेंद्र रात को घर आया और पति को कंधे पर लाद अगवा कर ले गया।

पुलिस:- दरवाजा कैसे खोला? नागेंद्र के साथ और कौन थे?

महिला:- मोबाइल पर बात होने के बाद मैंने ही दरवाजा खोला और जाने के बाद दरवाजा खुला छोड़ दिया। पता नहीं और कार में ओर कौन थे?

पुलिस:- फिर क्या हुआ?

महिला:- उसके बाद मुझे पता नहीं कि कैसे पति वरुण की हत्या की गई।

इनका कहना है..

महिला ने पति की हत्या का इकबाल किया है। पति की हत्या की साजिश उसने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी।

रवि रत्न सिह, एसओ।

chat bot
आपका साथी