यमुना नदी व नहर में दो शव मिलने से सनसनी

बागपत में दो स्थानों पर यमुना नदी व नहर में दो युवकों के शव बुधवार सुबह उतराते मिले।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 09:07 PM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 09:07 PM (IST)
यमुना नदी व नहर में दो शव मिलने से सनसनी
यमुना नदी व नहर में दो शव मिलने से सनसनी

बागपत, जेएनएन। बागपत में दो स्थानों पर यमुना नदी व नहर में दो युवकों के शव बुधवार सुबह उतराते मिलने से सनसनी फैल गई। युवकों की मौत को लेकर लोग तरह-तरह की आशंका जता रहे हैं। सही स्थिति का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा। वहीं, पुलिस दोनों युवकों के शवों की शिनाख्त के प्रयास में लगी है। जब तक शिनाख्त नहीं हो जाती, तब तक कुछ नहीं कहा जा सकता है।

यूपी-हरियाणा बार्डर की निवाड़ा चौकी के निकट यमुना नदी में करीब 25 वर्षीय युवक का शव उतराता दिखाई दिया। लोगों की भीड़ एकत्र हुई। पुलिस ने लोगों की मदद से उसको यमुना से बाहर निकाला और उसकी शिनाख्त के प्रयास किए,लेकिन कामयाबी नहीं मिली। कोतवाली एसआइ अनुज कुमार का कहना है कि युवक का शव क्षत विक्षत हालत में है। उसका एक हाथ व पैर का आधा हिस्सा गायब है। आशंका है कि युवक की डूबने से मौत हुई है तथा पानी में जानवरों ने युवक के हाथ-पैर खाएं हैं।

इसके अलावा कस्बा बड़ौत में शताब्दी नगर के पास पूर्वी यमुना नहर में करीब 30 वर्षीय युवक का शव उतराता हुआ लोगों को दिखाई दिया। पुलिस ने उसको बाहर निकलवाया और शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन पहचान नहीं हो पाई। बड़ौत कोतवाली प्रभारी रवि रतन सिंह का कहना है कि युवक का शव नहर में बहकर आया है। वहीं पुलिस ने दोनों युवकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेजा। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने के लिए इंटरनेट मीडिया का सहयोग ले रही है। हरियाणा व पड़ोसी जनपद मेरठ, गाजियाबाद, शामली व मुजफ्फरनगर की पुलिस से संपर्क किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी