मुख्यमंत्री से मिलने जाते रालोद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का मुक्की
जनपद की समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने रखने के लिए बागपत कलक्ट्रेट जाने का प्रयास कर रहे रालोद कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पूर्वी यमुना नहर पुल के पास औद्योगिक पुलिस चौकी पर ही रोक लिया।
बागपत, जेएनएन। जनपद की समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने रखने के लिए बागपत कलक्ट्रेट जाने का प्रयास कर रहे रालोद कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पूर्वी यमुना नहर पुल के पास औद्योगिक पुलिस चौकी पर ही रोक लिया। इस दौरान पुलिस और रालोद कार्यकर्ताओं की धक्का मुक्की हो गई। रालोद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए हाईवे पर ही धरना दिया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को रालोद कार्यकर्ता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने कलक्ट्रेट जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें औद्योगिक पुलिस चौकी पर ही रोक लिया। इस दौरान रालोद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ने लगे तो पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का मुक्की हो गई। रालोद कार्यकर्ता हाईवे पर धरना देकर बैठ गए। रालोद जिलाध्यक्ष डा. जगपाल सिंह ने सीओ को ज्ञापन दिया, जिसमें बताया कि वे मुख्यमंत्री से मिलना चाहते थे, लेकिन उनसे पुलिस ने मिलने नहीं दिया। इस दौरान रालोद जिलाध्यक्ष डा. जगपाल सिंह तेवतिया, पूर्व विधायक गजेंद्र मुन्ना, पूर्व विधायक डा. अजय कुमार, पूर्व विधायक डा. अजय तोमर, पूर्व विधायक वीरपाल राठी, अरुण तोमर, संजीव मान, डा. कुलदीप उज्जवल, विकास प्रधान, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रेनू तोमर, युवा रालोद क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रमेंद्र तोमर, बसंत तोमर, आशुतोष तोमर, बाबी बावली, मुनेश बरवाला, नरेश ठेकेदार, अमित चिकारा, नरेश डायरेक्टर, पप्पू पहलवान आदि मौजूद थे।
यह थी ज्ञापन में मांगे
रंछाड गांव के अक्षय आत्महत्या प्रकरण में उसके स्वजन को एक करोड़ रुपये व परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी।
जनपद के किसानों का चीनी मिलों पर 1200 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान कराया जाए।
प्रदेश की कानून व्यवस्था में सुधार कराया जाए।
लोनी से मवीकलां के बीच हाईवे को ठीक कराया जाए।
बेसहारा गोवंश की समस्या से निजात दिलाई जाए।