चांद का हुआ दीदार, ईद आज

ईद का चांद नजर आते ही लोगों के चेहरों पर मुस्कान नजर आई। शुक्रवार को ईद होगी।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 13 May 2021 11:42 PM (IST) Updated:Thu, 13 May 2021 11:42 PM (IST)
चांद का हुआ दीदार, ईद आज
चांद का हुआ दीदार, ईद आज

बागपत, जेएनएन। ईद का चांद नजर आते ही लोगों के चेहरों पर मुस्कान नजर आई। शुक्रवार को ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाएगा। ईद को लेकर उत्साह तो है, लेकिन अकीदतमंदों के चेहरे पर डर भी है। कोरोना के चलते ईदगाहों पर नमाज नहीं पढ़ी जाएगी। घर पर ही शारीरिक दूरी का पालन करते हुए नमाज अदा करेंगे।

इस बार भी कोरोना वायरस ईद की खुशियों पर कुंडली मारकर बैठ गया है। घरों तक ही त्योहार की खुशियां सिमटकर रह जाएगी। ईदगाहों पर नमाज नहीं होगी और बाजारों में भी खरीदारी नहीं कर सकेंगे। गुरुवार की शाम छतों से चांद का जब दीदार हुआ, तो सभी के चेहरे पर खुशियां छा गई। घरों में महिलाओं ने त्योहार को मनाने की तैयारियां शुरू कर दीं। हाथों पर मेहंदी लगवाई।

शहर काजी हबीबुर्रहमान ने बताया कि ईदगाह पर ईद की नमाज नहीं होगी। अकीतदमंद अपने घरों में ही नमाज अदा करेंगे। मस्जिदों से भी इसके लिए एलान करा दिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील कि गली-मोहल्ले में बिना वजह नहीं घूमेंगे। चेहरे पर मास्क लगाकर रखेंगे। घर में भी नमाज अदा के दौरान शारीरिक दूरी का पालन करेंगे। आज हमारा मुल्क कोरोना महामारी से जूझ रहा है। जब नमाज पढ़ेंगे, एक दुआ यह भी करेंगे हमारा मुल्क कोरोना से जल्द मुक्त हो जाए। प्रशासन की अपील पर सभी को अमल करना है। इतना जरूर करना है कि ईद पर गरीब और बीमारों का ध्यान रखें। मजिस्द में पहुंचे 60 नामजद, 150 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज

रटौल की तीन मस्जिद में नमाज अदा करने पहुंचे लोगों में 60 पर नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने ईद की नमाज मस्जिद व ईदगाह पर नहीं पढ़ने की अपील लोगों से की है।

ईद त्योहार पर मुस्लिम समाज के लोग मस्जिद में नमाज न पढ़ें, इसके लिए एसडीएम अजय कुमार, सीओ एमएस रावत व इंस्पेक्टर शिव प्रकाश सिंह दो दिन से मस्जिद से एलान करा रहे हैं। वहीं रटौल की मदीना, मरकज संग पीरजियान मस्जिद में गुरुवार शाम को लोग नमाज अदा करते मिले। अधिकारियों के पहुंचते ही नमाज अदा करते लोगों में भगदड़ मच गई। यहां लोग शारीरिक दूरी के साथ मास्क लगाने का भी पालन नहीं कर रहे थे। पुलिस ने 60 नामजद, 150 अज्ञात के खिलाफ महामारी अधिनियम व सीआरपीसी की धारा 144 का उल्लंघन करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद रटौल, खेकड़ा की मस्जिद पर पहुंचे कमेटी पदाधिकारियों से पांच से अधिक लोगों को प्रवेश नहीं देने की हिदायत दी। समाज के गणमान्य लोगों से घर पर ही नमाज अदा कराने की अपील की।

chat bot
आपका साथी