नकाबपोश बदमाशों ने आजमपुर मुलसम में डकैती डाली

जनपद में आपराधिक वारदात रुकने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार की रात आजमपुर मुसलम गांव में डकैती पड़ गई।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 09:06 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 09:06 PM (IST)
नकाबपोश बदमाशों ने आजमपुर मुलसम में डकैती डाली
नकाबपोश बदमाशों ने आजमपुर मुलसम में डकैती डाली

बागपत, जेएनएन। जनपद में आपराधिक वारदात रुकने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार की रात आजमपुर मुलसम गांव में बदमाशों ने एक व्यक्ति को बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम देते हुए सोने-चांदी के जेवरात के अलावा तीन दुधारू भैंस लूट ली। घटना के बाद हथियारबंद बदमाश फरार हो गए। बाद में एक भैंस पानी भरे खेत में मिल गई। घटना की जानकारी के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दो संदिग्ध आरोपितों से पूछताछ शुरू कर दी है।

आजमपुर मुलसम गांव के रहने वाले धर्मपाल ने बताया कि उसका घेर गांव से बाहर खेत से सटा हुआ है। वह रात के समय अकेला ही घेर में सोया हुआ था। छह नकाबपोश बदमाश लगभग 11 बजे दीवार फांदकर घेर में कूद गए। आहट होने पर वह जाग गया तो दो बदमाशों ने चारपाई से खड़ा होते हुए उसे पिस्टल के बल पर बंधक बना लिया और उसके हाथ-पैर बांधकर उसे कमरे में बंद कर दिया।

पीड़ित ने बताया कि घेर में ही संदूक आदि रखे हुए हैं। बदमाशों ने संदूक से दो तोले की दो सोने की चेन, एक अंगूठी और 15 हजार रुपए की नगदी निकाल ली। उसके बाद बदमाशों ने घेर की खेत से सटी दीवार को उखाड़ दिया और तीन दुधारू भैंस लेकर खेतों की ओर फरार हो गए। खेत से सटी दीवार बदमाशों ने इसलिए उखाड़ी, ताकि किसी को घटना का पता न चले। बदमाश रात 11 बजे से दो बजे तक उसके घर में रहे। बदमाशों के जाने के बाद उसने शोर मचा दिया तो पड़ोस के लोग उसके घेर में पहुंचे और उसे बंधनमुक्त किया। उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंची और उसके बताए अनुसार बदमाशों की तलाश की, लेकिन पुलिस के हाथ बदमाश तो नहीं लग सके एक भैंस पानी के खेत में मिल गई।

एसओ ने बताया कि धर्मपाल ने दो बदमाशों की पहचान बताई है उसी के आधार पर दो संदिग्ध आरोपितों को पकड़कर उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद देना पड़ा थाने पर धरना

डकैती की घटना के बाद गांव के लोग दोघट थाने पहुंच धरना देकर बैठ गए। ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई में ढील का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस तरह तरह के सवाल पूछ रही है। पुलिस घटना को गलत दर्शाना चाहती है। घटना का सही राजफाश किया जाए। इंस्पेक्टर का कहना है कि ग्रामीणों का आरोप निराधार है जो पीड़ित के बताए अनुसार कार्रवाई हो रही है। इस मौके पर ब्रजपाल, धर्मपाल, रामपाल, पुस्कर पांचाल, संजू, हरपाल, वीरसैन, मुस्तकीम, देवदत्त, कृष्णपाल, इस्लाम, रणधीर, बाबू आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी