देशखाप चौधरी के भतीजे की हत्या, शव बोरे में मिला

बागपत जेएनएन। शहर के पास पूर्वी यमुना नहर में एक बोरा में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल

By JagranEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 11:44 PM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 11:44 PM (IST)
देशखाप चौधरी के भतीजे की हत्या, शव बोरे में मिला
देशखाप चौधरी के भतीजे की हत्या, शव बोरे में मिला

बागपत, जेएनएन। शहर के पास पूर्वी यमुना नहर में एक बोरा में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने युवक के शव को बोरे से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। युवक के शव की शिनाख्त देशखाप चौधरी सुरेंद्र सिंह के भतीजे के रूप में हुई है। युवक की हत्या कर उसके शव को बोरे में बंद कर फेंका गया है।

इंस्पेक्टर अजय कुमार शर्मा ने बताया कि सोमवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि पूर्वी यमुना नहर में एक बोरा पड़ा है, जिसमें शव होने का अंदेशा है। नहर का पानी सूखा हुआ है। पुलिस ने बोरे को नहर से निकालकर देखा तो उसमें युवक का शव था। उसके चेहरे व दाएं हाथ पर चोट के निशान थे। शव की शिनाख्त शहर के शताब्दीनगर निवासी राहुल पुत्र विजयपाल के रूप में हुई। राहुल देशखाप चौधरी सुरेंद्र सिंह का भतीजा लगता है। राहुल शनिवार शाम को घर से थोड़ी देर में आने के लिए कहकर निकला था। काफी तलाश करने के बाद राहुल के भाई अनिल ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। राहुल शादीशुदा था और उसके लगभग दस साल एक बेटा भी है। तीन साल पहले राहुल के ऊपर गोली चलाई गई थी, जिसमें वह घायल हो गया था। घटना का मुकदमा भी दर्ज हुआ था। देशखाप चौधरी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि राहुल उनका भतीजा लगता था। उन्होंने पुलिस से घटना का सही राजफाश करने की मांग की। उधर, इंस्पेक्टर अजय कुमार शर्मा ने बताया कि स्वजन ने अभी तक तहरीर नहीं दी है। जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी