पूर्व जिपं अध्यक्ष ओमकार और पूर्व जिलाध्यक्ष बिल्लू सपा से निष्कासित

जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को लेकर सपा ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ओमकार यादव तथा पूर्व सपा जिलाध्यक्ष बिल्लू को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 09:43 PM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 09:43 PM (IST)
पूर्व जिपं अध्यक्ष ओमकार और पूर्व जिलाध्यक्ष बिल्लू सपा से निष्कासित
पूर्व जिपं अध्यक्ष ओमकार और पूर्व जिलाध्यक्ष बिल्लू सपा से निष्कासित

जेएनएन, बागपत: जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को लेकर सपा ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ओमकार यादव तथा सपा पूर्व जिलाध्यक्ष किरणपाल उर्फ बिल्लू को छह साल के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। इससे बागपत की सियासत गर्मा गई।

सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने पत्र जारी कर कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से स्वीकृति मिलने पर बागपत के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ओमकार यादव ग्राम हसनपुर तथा सपा पूर्व जिलाध्यक्ष किरणपाल उर्फ बिल्लू प्रधान ग्राम बाघू को पार्टी विरोधी गतिविधियों में भाग लेने पर छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। इन दोनों नेताओं पर जिला पंचायत चुनाव में बबली को भाजपा में शामिल कराने में अहम भूमिका निभाने के आरोप लगे थे। इसकी पुष्टि सपा जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने की।

----------

रालोद और भाजपा में टक्कर

जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर रालोद की ममता तथा भाजपा की बबली उम्मीदवार हैं। दोनों ही दलों के नेता अपने पाले में 13-13 जिला पंचायत सदस्य होने का दावा कर रहे हैं। जीत के लिए कोई भी कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

----------

अब घर पर सपा के

दो झंडे लगाएंगे

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ओमकार यादव ने कहा कि हम सपा संस्थापक सदस्यों में हैं। मुलायम सिंह यादव हमारे आदर्श हैं, तो अखिलेश यादव शान हैं। कल से घर पर सपा के दो झंडे लगाएंगे। बबली सपा टिकट पर नहीं, बल्कि निर्दलीय जिला पंचायत सदस्य चुनाव लड़ी। उनके भाजपा में जाने में हमारी कोई भूमिका नहीं। सपा हाईकमान के सामने अपना पक्ष रखेंगे।

किरणपाल उर्फ बिल्लू ने कहा कि निष्कासन पत्र या कोई नोटिस नहीं मिला। पक्के सपाई हैं और रहेंगे।

chat bot
आपका साथी