दहेज में कार मांगने पर दूल्हे समेत बरात को बंधक बनाया

बागपत जेएनएन। दहेज में कार नहीं मिली तो दूल्हे ने निकाह करने से इंकार कर दिया। इस पर

By JagranEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 12:19 AM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 12:19 AM (IST)
दहेज में कार मांगने पर दूल्हे समेत बरात को बंधक बनाया
दहेज में कार मांगने पर दूल्हे समेत बरात को बंधक बनाया

बागपत, जेएनएन। दहेज में कार नहीं मिली, तो दूल्हे ने निकाह करने से इंकार कर दिया। इस पर लोग भड़क गए और मारपीट करते हुए मस्जिद में दूल्हे समेत दर्जनों बरातियों को बंधक बना लिया। पंचायत के निर्णय पर बरात बंधक मुक्त की गई। बगैर निकाह के बरात वापस लौटी। ग्राम रोशनगढ़ के युवक का निकाह मंगलवार को मुकारी गांव की युवती से होना था। दोपहर करीब 12 बजे बरात मुकारी गांव में पहुंच गई थी। शाम करीब पांच बजे निकाह की तैयारी चल रही थी। दूल्हे ने दहेज में दी जाने वाली कार दिखाने की इच्छा जाहिर की, दुल्हन पक्ष ने उसको अपाचे बाइक दिखाई। इस पर दूल्हे ने नाराजगी जताते हुए कहा कि रिश्ते के समय वायदा किया गया था दहेज में कार मिलेगी। जब तक कार नहीं मिलेगी, तब तक निकाह नहीं किया जाएगा। इस पर दुल्हन पक्ष के लोग भड़क गए। दुल्हन और दूल्हे पक्ष में विवाद हुआ। मारपीट होने दूल्हा व बराती दौड़ पड़े। लोगों ने पीछा कर दूल्हे समेत दर्जनों बराती को पकड़ लिया और मस्जिद में बंधक बना लिया। जबकि कुछ बराती भागने में कामयाब हो गए। करीब तीन घंटे बरात बंधक बनाई गई। समाज के गणमान्य लोगों की पंचायत हुई। निकाह न करने के निर्णय पर बरात को बंधक मुक्त किया गया। वहीं बालैनी पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक बरात गांव से लौट चुकी थी। दुल्हन के पिता ने दूल्हे व उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

उधर बालैनी थाना प्रभारी नरेश कुमार का कहना है कि दहेज में कार न मिलने पर दूल्हे ने निकाह नहीं किया। बरात गांव से बगैर निकाह के वापस लौट गई। किसी ने बरात को बंधक नहीं बनाया है। दुल्हन पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी