पूर्व विधायक की पुत्रवधू व पौत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज

प्लाट को लेकर हुए झगड़े के मामले में कोतवाली पर क्रास केस हुआ।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 27 Nov 2020 11:47 PM (IST) Updated:Fri, 27 Nov 2020 11:47 PM (IST)
पूर्व विधायक की पुत्रवधू व पौत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पूर्व विधायक की पुत्रवधू व पौत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज

बागपत, जेएनएन। प्लाट को लेकर हुए झगड़े के मामले में कोतवाली पर क्रास केस हुआ। अब कोतवाली में पूर्व विधायक स्वर्गीय चंदर सिंह की पुत्रवधू व पौत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

यूपी-हरियाणा सीमा की निवाड़ा चौकी से थोड़ी दूरी पर स्थित एक प्लाट के विवाद में पूर्व विधायक स्वर्गीय चंदर सिंह की पुत्रवधू सुनीता देवी और निवाड़ा के पूर्व प्रधान स्वर्गीय गजे कश्यप के बेटे अर्जुन कश्यप के साथ बुधवार शाम झगड़ा हुआ था। इस दौरान पथराव किया गया था। जिसमें सुनीता देवी व निवाड़ा चौकी प्रभारी सुभाष चंद्र समेत कई लोग घायल हुए थे। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया था तथा अर्जुन कश्यप व महिला रेखा समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। कोतवाली पर अर्जुन कश्यप व उसके साथियों के खिलाफ अलग-अलग दो मुकदमें दर्ज कराए गए थे। पुलिस ने गिरफ्तार नामजद चारों आरोपितों को गुरुवार को अदालत में पेश किया, जहां से उनको न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया था।

वहीं, गुरुवार देर शाम कोतवाली में अर्जुन कश्यप की पत्नी पिकी ने महिला सुनीता देवी व उनके बेटे विनीत निवासी ग्राम अहैड़ा पर गाली- गलौज, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पर मुकदमा दर्ज कराया। उधर, विवेचक एसआइ जाहिद खां का कहना है कि सुनीता व विनीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीनों केसों की विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

वीडियो में पत्थर फेंकती दिखाई दे रहीं सुनीता देवी

झगड़े के समय की 44 सेकंड की वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इसमें एक महिला पत्थर फेंकती तथा एक पुलिसकर्मी मारपीट करता नजर आ रहा है। केस के विवेचक एसआइ जाहिद खां का कहना है कि वीडियो में पत्थर फेंकती दिखाई दे रही महिला सुनीता देवी हैं।

chat bot
आपका साथी