युवा किसानों में आक्रोश के साथ दिखाई दी देशभक्ति

कृषि कानूनों की वापसी को लेकर क्षेत्र में खाप चौधरियों की अगुवाई में किसानों ने दिल्ली की ओर कूच किया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 09:17 PM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 09:17 PM (IST)
युवा किसानों में आक्रोश के साथ दिखाई दी देशभक्ति
युवा किसानों में आक्रोश के साथ दिखाई दी देशभक्ति

बागपत, जेएनएन। कृषि कानूनों की वापसी को लेकर क्षेत्र में खाप चौधरियों की अगुवाई में किसानों ने दिल्ली की ओर कूच किया है। सोमवार को दिल्ली जाने वाले किसानों की संख्या उतनी ही नजर आ रही थी, जितनी पहले से उम्मीद जताई जा रही थी। देशखाप, चौहान खाप, धनकड़ खाप, राणा खाप, धामा खाप, चौगामा खाप आदि के चौधरी अपने-अपने क्षेत्र से बड़ी संख्या में किसानों को साथ लेकर आए थे। इनके साथ बहुतायात में युवा किसान भी थे जो ट्रैक्टरों पर लगे तिरंगे झंडे के नीचे देशभक्ति के तरानों पर थिरक रहे थे। एक के बाद एक तिरंगे लगे झंडों के साथ आ रहे ट्रैक्टरों को देखकर ऐसा लग रहा था कि मानो गणतंत्र दिवस पर बड़ा आयोजन यहीं पर हो रहा हो। इस दौरान एक ओर युवा किसानों में कृषि कानूनों को लेकर आक्रोश था तो दूसरी ओर उन्हीं किसानों में देशभक्ति का जज्बा भी दिखाई दे रहा था। उधर, क्षेत्र में जिस भी गांवों से ट्रैक्टर गुजरे, किसानों को देखने वाले ग्रामीणों का सड़क पर तांता लगा रहा।

---

दिल्ली जाने वालों में ये रहे शामिल

पूर्व विधायक वीरपाल, राठी, पूर्व विधायक डाक्टर अजय तोमर, पूर्व विधायक डाक्टर अजय कुमार, एडवोकेट जयवीर सिंह तोमर, संजीव मान, विपिन ढिकाना, सुरेश राणा, विकास प्रधान, बॉबी बावली, श्रवण बड़ौली, विकास एडवोकेट, रेनू तोमर, रामकुमार चेयरमैन, राजेंद्र सिंह हेवा, आदित्य प्रधान, डाक्टर संजीव बामनौली, रविद्र हट्टी, राजू तोमर सिरसली, अभिलाष तोमर, मनोज तोमर, कुलदीप तोमर, पंकज, बबली तोमर आदि लोग दिल्ली गए, जबकि धरने पर थांबा चौधरी ब्रजपाल सिंह, विक्रम सिंह आर्य, विश्वास चौधरी, धर्मवीर सिरसिली आदि मौजूद रहे।

---

झोपड़ी नुमा ट्रालियों के साथ रवाना

बड़ी संख्या में जो किसान गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड में भाग लेने के लिए ट्रैक्टरों के साथ ट्रालियां भी ले गए हैं, जिनमें से कितनी ही ट्रालियों को झोपड़ीनुमा बनाया गया था। इनमें खाद्य सामग्री के सामान के अलावा जेनरेटर, गद्दे, बर्तन, रसोई गैस सिलेंडर, हुक्का आदि रखा हुआ था। दिल्ली जाने वाले कई किसानों का कहना था कि वह अपने साथ सामान इसलिए ले जा रहे हैं कि उन्हें कई दिन तक दिल्ली में भी रुकना पड़ सकता है इसलिए वह पूरी तैयारियों के साथ दिल्ली जा रहे हैं। कई ट्रालियों पर मनोरंजन के लिए डीजे भी लगा हुआ था।

---

किसानों का धरना 37वें दिन भी जारी

दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का धरना 37वें दिन भी जारी रहा। किसानों ने कहा कि यह धरना कृषि कानूनों की वापसी होने तक जारी रहेगा। सोमवार को धरनास्थल से दिल्ली जाने वाले किसानों को ताजा जानकारी से अपडेट कराया जाता रहा। दिल्ली जाने वाले किसानों की हौसला अफजाई भी की जाती रही। धरनास्थल पर माइक ज्यादा समय तक विक्रम सिंह आर्य के हाथ में रहा। धरनास्थल पर किसानों से दिल्ली जाने वाले किसानों का स्वागत भी किया।

chat bot
आपका साथी