भाकियू ने किया यूपी-हरियाणा बार्डर पर तीन घंटे चक्का जाम

भाकियू कार्यकर्ताओं ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यूपी-हरियाणा बार्डर पर जाम लगा दिया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 27 Nov 2020 08:05 PM (IST) Updated:Fri, 27 Nov 2020 08:05 PM (IST)
भाकियू ने किया यूपी-हरियाणा बार्डर पर तीन घंटे चक्का जाम
भाकियू ने किया यूपी-हरियाणा बार्डर पर तीन घंटे चक्का जाम

बागपत, जेएनएन। भाकियू कार्यकर्ताओं ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यूपी-हरियाणा बार्डर पर निवाड़ा के यमुना पुल पर जाम लगा गत दिवस दिल्ली में किसानों पर हुए लाठीचार्ज और पानी की बौछार का विरोध कर कृषि कानून खत्म करने की आवाज उठाई। दोनों राज्यों की सीमा पर किसानों का कब्जा रहने से जाम में हजारों वाहनों के फंसने से लोग परेशान रहे। तीन घंटे बाद जाम खत्म कर बागपत के किसानों ने शनिवार को दिल्ली कूच करने का ऐलान किया।

भाकियू युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष हिम्मत सिंह के नेतृत्व में किसानों ने यूपी-हरियाणा बार्डर पर निवाड़ा के यमुना पुल पर शुक्रवार की सुबह 11 बजे ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी करके जाम लगाकर सड़क पर धरना शुरू किया। इससे मेरठ-रोहतक वाया बागपत हाईवे 334 बी पर पुल के दोनों तरफ हजारों वाहनों की कई किमी लंबी लाइन लगी रही। जाम से निकलने को कई लोगों ने तीखी बहस की, लेकिन किसानों के सामने उनकी एक नहीं चली।

चार दूल्हे और एक दुल्हन और बराती और कई परीक्षा देने जा रहे युवा जाम में फंसे रहे, लेकिन बाद में उन्हें जाम से निकाला। भाकियू नेता चौ. इंद्रपाल सिंह, रविद्र मुखिया, उपेंद्र चौधरी और दोघट खाप के चौधरी राजेंद्र सिंह ने सरकार की नीतियों को किसान विरोधी करार देकर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी। गन्ना भुगतान नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए किसानों ने ऊर्जा निगम कर्मियों पर छापामारी कर किसानों से बड़े स्तर पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है।

दोपहर 1.50 बजे धरना स्थल पर पहुंचे एसडीएम रामनयन सिंह व सीओ ओमपाल सिंह को अपनी मांग मौखिक रूप से बताई, जिसमें गन्ना भुगतान कराने, गन्ना मूल्य 450 रुपये प्रति कुंतल करने, हाल ही में बने तीन कृषि कानून खत्म करने और कृषि कर्ज माफ कराने की मांग मुख्य है। एसडीएम ने उनकी मांग शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

किसानों ने दोपहर दो बजे जाम खत्म किया। भाकियू नेता इंद्रपाल सिंह ने बताया कि शनिवार को बागपत के किसान दिल्ली जाकर भाकियू के आंदोलन में शामिल होंगे। इस दौरान ठाकुर राकेश सिंह, नौरंग, रामकुमार चेयरमैन, थल गांव के प्रधान जुल्ला खान, शीतू, नरेंद्र नांगल, कालूराम शबगा, सूरजवीर सूजती, कृष्णपाल, भूपेंद्र, रोमिस तोमर, जितेंद्र, महराम सिंह प्रधान आदि मौजूद रहे।

वहीं, एसपी अभिषेक सिंह ने धरना शुरू होने के साथ वहां पहुंचकर सुरक्षा का जायजा लिया।

chat bot
आपका साथी