धारदार हथियारों से हमला, रिटायर्ड फौजी समेत तीन भाई घायल

पुरानी रंजिश को लेकर मलकपुर गांव में छह से ज्यादा हमलावरों ने घर में घुसकर हमला कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 02 Jun 2021 10:27 PM (IST) Updated:Wed, 02 Jun 2021 10:27 PM (IST)
धारदार हथियारों से हमला, रिटायर्ड फौजी समेत तीन भाई घायल
धारदार हथियारों से हमला, रिटायर्ड फौजी समेत तीन भाई घायल

बागपत, जेएनएन। पुरानी रंजिश को लेकर मलकपुर गांव में छह से ज्यादा हमलावरों ने घर में घुसकर रिटायर्ड फौजी समेत तीन भाइयों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

मलकपुर गांव में बुधवार को सुबह हमलावरों ने घर में घुसकर धारदार हथियारों से दूसरे पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया। हमले में घर पर मौजूद रिटायर्ड फौजी सुरेंद्र के अलावा रमेश और रणबीर धारदार हथियारों से गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपितों ने पिस्टलों से ताबड़तोड़ हवाई फायरिग भी की, जिससे डरकर लोग अपने घरों में घुस गए। पुलिस ने लहूलुहान हालत में तीनों भाइयों को सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों भाइयों को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि चार दिन पहले दोनों पक्षों का झगड़ा हुआ था। मामला कोतवाली तक पहुंचने पर पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था। ग्रामीणों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही है। गांव में घटना को लेकर तनाव है।

कोतवाल अजय कुमार शर्मा ने बताया कि झगड़े में तीन भाई घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रणवीर ने गांव के आरोपित योगेंद्र, बालेंद्र, जोगेंद्र व शौकेंद्र पुत्रगण ओमप्रकाश, पासा उर्फ सुनील पुत्र सुरेंद्र, आशु पुत्र तेजवीर सिंह, सुरेंद्र पुत्र हुकुम सिंह, नदीम व अन्य अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपित बालेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। खूनी संघर्ष में छह लोग घायल

खपराना गांव में बुधवार को बच्चों के बीच हुई कहासुनी के बाद खूनी संघर्ष में एक महिला समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बुधवार को खपराना गांव में सतबीर व विजयपाल पक्ष के बच्चों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर उनमें मारपीट हो गई। संघर्ष में जब कई लोग घायल हो गए तो दोनों पक्ष स्वयं शांत हो गये। एक पक्ष से सतबीर उसका भाई ब्रजपाल व जगपाल व दूसरे पक्ष से विपिन और उसका भाई रोहित, सुरेशबाला गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया। इंस्पेक्टर देवेश कुमार सिंह ने बताया कि झगड़े में एक महिला समेत छह लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों का समझौता हो गया है।

chat bot
आपका साथी