यमुना खादर के बवालियों की गिरफ्तारी की मांग

पिछले साल टांडा गांव के यमुना खादर में हुए विवाद के खोजकीपुर गांव के आरोपित फरार हैं।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 11 May 2021 12:22 AM (IST) Updated:Tue, 11 May 2021 12:22 AM (IST)
यमुना खादर के बवालियों की गिरफ्तारी की मांग
यमुना खादर के बवालियों की गिरफ्तारी की मांग

बागपत, जेएनएन। पिछले साल टांडा गांव के यमुना खादर में हुए विवाद के खोजकीपुर गांव के आरोपित किसान अभी तक गिरफ्तार नहीं किए गए हैं। इस माह हुए हमले के एक दर्जन से ज्यादा आरोपित फरार हैं। पीड़ित किसानों ने पुलिस से आरोपित किसानों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

पांच दिन पूर्व टांडा गांव के यमुना खादर में पानीपत जिले के खोजकीपुर के किसानों ने टांडा गांव के किसानों पर हमला कर एक दर्जन किसानों को घायल किया था। पीड़ित शाहीन की तहरीर पर खोजकीपुर के 19 किसानों के खिलाफ नामजद व 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पिछले साल नवंबर माह में भूमि विवाद को लेकर खोजकीपुर के किसानों ने टांडा गांव के किसानों पर हमला किया था। उसमें भी 25 नामजद व 25 अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। पांच मई को हुई घटना में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पहले झगड़े के लगभग पांच माह व दूसरे झगड़े के पांच दिन बीत जाने के बाद भी किसी अन्य आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई है। दोनों घटनाओं के आरोपित खादर में खुलेआम घूम रहे हैं।

एसओ प्रदीप शर्मा का कहना है कि पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

गोशाला में की तोड़फोड़, दस्तावेज किए नष्ट

सरूरपुर कलां गांव में वृहद गो संरक्षण केंद्र (गोशाला) में कुछ लोगों ने तोड़फोड़ कर गोवंशों को भगा दिया। गो सेवक के साथ मारपीट भी की। इतना ही नहीं, वीडीओ (ग्राम विकास अधिकारी) को फोन पर गाली-गलौज कर पीटने की धमकी दी। इस मामले में कोतवाली में आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

वीडीओ शान मोहम्मद ने कोतवाली मे दी तहरीर में बताया कि सरूरपुर कलां के वृहद गो संरक्षण केंद्र में गत सात मई की शाम करीब 7.30 बजे गांव का ही व्यक्ति राजू अपने अन्य साथियों के साथ गोशाला में पहुंचा और गाली-गलौज कर गो सेवक हिमांशु उर्फ चीनू के साथ मारपीट की। गोशाला के कार्यालय में तोड़फोड़ कर फर्नीचर, सोलर लाइट की बैट्रियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। सरकारी दस्तावेज भी नष्ट कर दिए। गोशाला का मुख्य द्वार खोलकर गोवंश को मारपीट कर बाहर भगा दिया।

वीडीओ ने यह भी शिकायत की कि आरोपित ने फोन पर उनके साथ भी गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने की धमकी दी। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

उधर, कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी सतेंद्र सिंह सिद्धू का कहना है कि इस मामले में आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। केस की विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी