बागपत के किसानों पर हमला, पुलिस से भी हाथापाई

हरियाणा के खोजकीपुर गांव के किसानों ने एक बार फिर यमुना खादर में टांडा गांव के किसानों पर हमला कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 06 May 2021 12:01 AM (IST) Updated:Thu, 06 May 2021 12:01 AM (IST)
बागपत के किसानों पर हमला, पुलिस से भी हाथापाई
बागपत के किसानों पर हमला, पुलिस से भी हाथापाई

बागपत, जेएनएन। हरियाणा के खोजकीपुर गांव के किसानों ने एक बार फिर यमुना खादर में टांडा गांव के 13 किसानों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इसमें दो महिला समेत 11 किसान घायल हो गए। पुलिस से भी हाथापाई की गई। आरोपित किसानों ने 15 बीघा ईंख व मिर्च की फसल उजाड़ दी। पुलिस ने आरोपित दो किसानों को हिरासत में ले लिया और घायलों का सीएचसी में उपचार कराया।

टांडा के किसान शाहीन ने बताया कि बुधवार की दोपहर वह खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान हरियाणा के खोजकीपुर गांव के छह-सात ट्रैक्टरों में 70-80 किसान लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर आए और उनकी ईंख और मिर्च की लगभग 15 बीघा फसल पर ट्रैक्टर चला दिया। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडे व धारदार हथियारों से हमला कर असलम, सहीदूद्दीन, अब्दुल बासिद, परवेज, नौमान , माजिद, मुनीदा पत्नी साइन, वाजिदा पत्नी यामीन आदि 11 किसानों को घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस से भी हाथापाई की गई। घायल महिला वाजिदा ने बताया कि और पुलिस आने पर आरोपित किसान ट्रैक्टर लेकर चले गए। पुलिस ने खोजकीपुर गांव के दो आरोपित किसानों को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि खोजकीपुर गांव का किसान सुखबीर पुत्र भुल्लन भी घायल हुआ है। एसओ प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि यमुना खादर में विवादित भूमि को लेकर खोजकीपुर और टांडा गांव के किसानों का झगड़ा हुआ है। टांडा के कई किसानों को चोट लगी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज होगा। पुलिस के साथ हाथापाई नहीं हुई है।

chat bot
आपका साथी