एंबुलेंस कर्मचारियों ने शुरू की अनिश्चितकालीन हड़ताल

पांच मांगों को लेकर जिले के एंबुलेंस कर्मचारी सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गये। इस दौरान अस्पताल जाने और वहां से रोगी लेकर घर लौटने वालों को साधन की बहुत दिक्कत हुई ।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 06:50 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 06:50 PM (IST)
एंबुलेंस कर्मचारियों ने शुरू की अनिश्चितकालीन हड़ताल
एंबुलेंस कर्मचारियों ने शुरू की अनिश्चितकालीन हड़ताल

बागपत, जेएनएन: पांच मांगों को लेकर जिले के एंबुलेंस कर्मचारी सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। उन्होंने जिला अस्पताल पर धरना-प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तब हड़ताल रहेगी।

जिला अस्पताल में एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की है। जिलाध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि उनकी मुख्य मांगें हैं कि एएलएक्स एंबुलेंस पर कार्यरत कर्मचारियों को न हटाया जाए, कंपनी बदलने पर वेतन में किसी भी तरह की कटौती न हो, हरियाणा की भांति नेशनल हेल्थ मिशन से एंबुलेंस का संचालन कराया जाए, कोरोना महामारी में अग्रणी भूमिका निभा रहे कर्मचारी को ठेकेदारी से मुक्त करें। यदि ठेके पर ही रखना सरकार की मजबूरी है, तो एनएचएम के अधीन ठेके में रखा जाए, जिसमें कंपनियां बदलने पर नौकरी जाने का भय न हो। यह भी कहा कि लोगों की दिक्कत को देखते हुए तीनों तहसील के लिए एक-एक एंबुलेंस इमरजेंसी सेवा के लिए संचालित रहेगी। संगठन मंत्री अनिल कुमार, उपाध्यक्ष वरुण कुमार पुंडीर, हासिम मलिक, प्रियांशु यादव, अमरीश कुमार, रघुराज, विशु, भूपेंद्र, सतीश, दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।

उधर 102,108 और एएलएक्स एंबुलेंस के रीजनल मैनेजर सन्नी सिंह ने बताया कि हड़ताल के संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। हड़ताल से लोगों को परेशानी हो रही है। इस संबंध में वह भी कुछ नहीं कर सकते।

प्रभारी सीएमओ गजेंद्र सिंह ने कहा कि एंबुलेंस कर्मचारियों की मांगें शासन स्तर की हैं। वहीं से उनका समाधान होगा।

---------

तीन दिन चला शांतिपूर्ण

रूप से विरोध

--एंबुलेंस के कर्मचारियों का विरोध 23 जुलाई से शुरू हो गया था। शासन ने उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं। उसके बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की है।

---------

32 एंबुलेंस पर 200

कर्मचारी हैं कार्यरत

जिले में तीन एएलएक्स, 102 एंबुलेंस 17 और 108 एंबुलेंस 15 हैं। 200 के करीब कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें टेक्नीशियन और चालक हैं। ये सभी हड़ताल पर हैं। 108 एंबुलेंस सड़क हादसे और अन्य बीमारियों से पीड़ितों को लिए संचालित हैं और 102 एंबुलेंस गर्भवती महिला और बच्चों के लिए संचालित है। एएलएक्स एंबुलेंस सभी सुविधाओं से लैस हैं।

chat bot
आपका साथी