आरोपितों की गिरफ्तारी पर बवाल, धरना-प्रदर्शन और हंगामा

सपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य के भाई और दो बेटों को पुलिस ने एक मुकदमे में गिरफ्तारी के विरोध में बिनौली में रालोद के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया और धरना दिया। पुलिस ने उनकी नोकझोंक भी हुई।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 08:52 PM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 08:52 PM (IST)
आरोपितों की गिरफ्तारी पर बवाल, धरना-प्रदर्शन और हंगामा
आरोपितों की गिरफ्तारी पर बवाल, धरना-प्रदर्शन और हंगामा

बागपत, जेएनएन : सपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य के भाई और दो बेटों को पुलिस ने एक मुकदमे में गिरफ्तार कर लिया। इससे गुस्साए रालोद कार्यकर्ताओं ने थाने में नारेबाजी कर धरना शुरू कर दिया। पुलिस जब तीनों आरोपितों को अदालत में पेश करने ले जाने लगी तो कार्यकर्ताओं ने पुलिस हिरासत से तीनों को छुड़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ दिया। कार्यकर्ताओं ने बड़ौत-मेरठ मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। एसडीएम और सीओ ने कार्यकर्ताओं को समझाकर जाम को खुलवा दिया।

बरनावा गांव के रहने वाले महबूब अल्वी वार्ड तीन के जिला पंचायत सदस्य हैं। बरनावा के ही सतीश वाल्मीकि ने महबूब अल्वी, उसके भाई मतलूब और बेटे आदिल व राजू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया कि चारों ने शुक्रवार की रात घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया और जाति सूचक शब्द भी कहे। पुलिस शुक्रवार की रात ही तीनों आरोपित को थाने ले आई। इससे गुस्साए रालोद कार्यकर्ता व पदाधिकारी शनिवार को सुबह थाने में पहुंचे और वहां नारेबाजी कर धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस-प्रशासन भाजपा नेताओं के इशारे पर काम कर रहा है और जिला पंचायत सदस्यों के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है, ताकि वह जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में रालोद प्रत्याशी को वोट न दे सके। इस बीच पुलिस थाने से तीनों आरोपितों को जीप में बैठाकर अदालत में पेश करने ले जाने लगी तो कार्यकर्ता पुलिस की जीप के पीछे दौड़ पड़े। कार्यकर्ताओं ने आरोपितों को छुड़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को खदेड़ दिया और आरोपितों को अदालत में पेश करने के लिए ले गई।

उधर, घटना से गुस्साए कार्यकर्ताओं ने बड़ौत-मेरठ मार्ग पर बिनौली बस स्टैंड पर जाम लगा दिया। एसडीएम दुर्गेश कुमार मिश्र और सीओ आलोक सिंह ने आरएलडी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के बाद कार्यकर्ताओं को समझाकर जाम खुलवा दिया।

---

पंचर हुआ जीप में, दूसरी जीप भेजी

--बाजार में आरोपितों को ले जा रही पुलिस जीप की साइड लगने से दो बाइक भी गिर पड़ी। इस दौरान अफरातफरी मच गई। बिनौली से आगे पुलिस जीप के टायर में पंचर हो गया। इस पर थाने से दूसरी पुलिस जीप भेजी गई।

chat bot
आपका साथी