भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष की हत्या में दो आरोपित गिरफ्तार

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष की हत्या में शामिल दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 12 Aug 2020 10:42 PM (IST) Updated:Thu, 13 Aug 2020 06:11 AM (IST)
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष की हत्या में दो आरोपित गिरफ्तार
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष की हत्या में दो आरोपित गिरफ्तार

बागपत, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष की हत्या में शामिल दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपितों ने दो साल पुरानी रंजिश को लेकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपितों के पास से हत्या में प्रयुक्त एक तमंचा भी बरामद किया है। घटना के तीन आरोपित अभी भी फरार चल रहे है।

बुधवार को एसपी अजय कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को मॉर्निग वॉक पर गए छपरौली निवासी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय खोखर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। संजय के बड़े पुत्र मनीष ने नितिन धनकड़, मयंक डालर, विनित, अंकुश शर्मा और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मंगलवार की देर रात्रि हेवा गांव की पुलिया के पास से मयंक डालर निवासी कस्बा छपरौली व अंकुश शर्मा निवासी हेवा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों से हत्या में प्रयुक्त एक तमंचा बरामद किया है।

एसपी ने बताया कि वर्ष 2018 में हेवा गांव के विकास और संजय खोखर के बेटे अक्षय के बीच झगड़ा हो गया था। घटना में दोनों ओर से मुकदमे दर्ज हुए थे। इस झगड़े में विकास को गंभीर चोट आई थी। इसी वजह से विकास पक्ष के लोग अक्षय से रंजिश रखने लगे थे। संजय खोखर ने दर्ज मुकदमें में से अक्षय का नाम निकलवा दिया था। इसी रंजिश में विकास के भाई विनित ने नितिन, मयंक डालर, अंकुश आदि के साथ मिलकर संजय खोखर की हत्या कर दी।

एसपी ने बताया कि इस घटना में फरार नितिन, विनित व एक अन्य को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उधर, पुलिस गिरफ्त में आए मयंक डालर और अंकुश को अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। एक दिन पूर्व सीएम योगी ने 24 घंटे में कार्रवाई के निर्देश दिए थे। हत्याकांड वाले दिन ही एसओ छपरौली को निलंबित कर दिया गया था और रात में एएसपी का तबादला हो गया था। फरार आरोपित फेसबुक पर लाइव

भले ही पुलिस दो आरोपितों को गिरफ्तार कर अपनी पीठ थपथपा रही हो लेकिन फरार एक आरोपित फेसबुक पर लाइव होकर खुद को निर्दोष बताता है लेकिन पुलिस उसका पता नहीं लगा पाती है। बुधवार को हत्याकांड में नामजद आरोपित नितिन धनकड़ ने फेसबुक पर लाइव आकर खुद को निर्दोष बताया है। एसपी का कहना है कि उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी