डेंगू दो और महिलाओं की मौत, 30 नए मरीज मिले

जेएनएन बदायूं दिन प्रतिदिन जिले में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसी बीच अब जांच ि

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 12:45 AM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 12:45 AM (IST)
डेंगू दो और महिलाओं की मौत, 30 नए मरीज मिले
डेंगू दो और महिलाओं की मौत, 30 नए मरीज मिले

जेएनएन, बदायूं : दिन प्रतिदिन जिले में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसी बीच अब जांच शिविर और जांचों की संख्या बढ़ा दी गई है। जिलाधिकारी के आदेश पर गांवों में शिविर लगाकर हर ग्रामीण की जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों की जांच कर रही हैं। रविवार को जिले में 16 शिविर लगाकर कुल 292 लोगों की जांच की गई, इसमें 30 नए मरीज पाए गए। वहीं गुलड़िया और उझानी में दो महिलाओं की मौत भी हुई है। रविवार को जिले में मिले 30 मरीजों में से बदायूं नगर पालिका क्षेत्र के जालंधरी सराय, नेकपुर और आवास विकास में एक मरीज मिला है। इसके अलावा उझानी क्षेत्र में चार मरीज जबकि गुलड़िया में भी दो मरीज मिले हैं। इसके अलावा दातागंज, वजीरगंज आदि क्षेत्रों में डेंगू के मरीज मिले हैं। वहीं मलेरिया विभाग की टीमों को जानकारी देकर उन क्षेत्रों में डीडीटी दवा और लार्वीसायडल दवा का छिड़काव करने के निर्देश दिए गए। बता दें कि जिले के छह ब्लाक उझानी, कादरचौक, दातागंज, जगत, वजीरगंज और बदायूं शहर में सबसे ज्यादा डेंगू प्रभावित गांव और मुहल्ले हैं। इन गांवों में डीएम के निर्देश के बाद लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बरेली में उपचार के दौरान हुई वृद्धा की मौत

संसू, उझानी: डेंगू बुखार से पीड़ित एक वृद्ध महिला की बीती रात बरेली के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। नगर के मुहल्ला श्रीनारायणगंज निवासी जय देवी (80) पत्नी बांके लाल विगत दिनों से डेंगू बुखार से पीड़ित थीं। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर उपचार के दौरान बीती रात मौत हो गई। इस दौरान उझानी के बसोमा, बरामालदेव समेत करीब पांच गांव और नगर के मुहल्ले डेंगू से प्रभावित है। इन सभी स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार काम में जुटी हैं। गुलड़िया में एक और मौत, कई बीमार

संसू, सिलहरी : जगत विकासखंड की नगर पंचायत गुलड़िया के वार्ड संख्या दस के जगपाल सिंह की पत्नी कमलेश उम्र 45 साल को लगभग एक सप्ताह से बुखार आ रहा था। उनका इलाज बदायूं के निजी अस्पताल में चल रहा था। रविवार शाम को कमलेश की हालत बिगड़ गई। वह कुछ समझ पाते इससे पहले उनकी मौत हो गई। वहीं गुलड़िया में सैकड़ों लोग डेंगू से पीड़ित हैं। नगर पंचायत चेयरमैन पति सुरेश चंद्र सिहं राठौर ने बताया गांव में डेंगू बुखार फैला हुआ है। महिला की बुखार की चपेट में आने से मौत हो गई है। बता दें कि गुलड़िया में भी डेंगू के प्रकोप के चलते स्वास्थ्य विभाग की टीमें डटी हुई हैं।

chat bot
आपका साथी