मेला ककोड़ा :: गंगपुर पुख्ता पर लगा जाम, श्रद्धालु रहे हलकान

पुलिस प्रशासन की लाख तैयारियों के बावजूद मेला ककोड़ा में जाम की समस्या खत्म नहीं हुई।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 12 Nov 2019 11:32 PM (IST) Updated:Wed, 13 Nov 2019 06:03 AM (IST)
मेला ककोड़ा :: गंगपुर पुख्ता पर लगा जाम, श्रद्धालु रहे हलकान
मेला ककोड़ा :: गंगपुर पुख्ता पर लगा जाम, श्रद्धालु रहे हलकान

जागरण संवाददाता, बदायूं : पुलिस प्रशासन की लाख तैयारियों के बावजूद मेला ककोड़ा में जाम की समस्या खत्म नहीं हुई। मेले से गुजरने का रास्ता तो ठीक रहा लेकिन गंगपुर पुख्ता गांव के पास जाम के हालात बन गए। तकरीबन छह किलोमीटर का जाम सुबह ही लग गया। वहीं शाम को भी यही स्थिति रही। हालांकि पुलिस ने जाम खुलवाकर आवागमन सुचारू कराया।

मेला ककोड़ा की बाहरी रोड पिछले साल 95 फिट चौड़ी थी, जबकि इस बार इसकी चौड़ाई बढ़ाकर 120 फिट की गई थी। ताकि फोरलेन बन जाए और जाम के झाम से श्रद्धालु न जूझने पाएं। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस समेत सिविल पुलिस भी व्यवस्था में लगाई गई। लेकिन मंगलवार को सारी व्यवस्थाएं चौपट नजर आईं। ककोड़ा मार्ग से तो श्रद्धालु आसानी से निकल गए लेकिन गंगपुर पुख्ता मोड़ के पास सिगल रोड होने के कारण जाम के हालात बन गए। सुबह छह बजे व शाम को चार बजे के लगभग जाम के हालात बने रहे। पुलिस भी जूझती रही। हालांकि दिन में आवागमन सुचारू रहा।

डग्गमारों का सहारा लेकर पहुंचे श्रद्धालु

संस, सहसवान : गंगा स्नान पर परिवहन निगम की बसों की कमी के कारण डग्गामार वाहनों की चांदी रही। मजबूरी में लोगों को डग्गामार वाहनों का प्रयोग करना पडा। गंगा नदी पर लहरा और धापड़ घाट पर श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। सहसवान से कछला जाने के लिए परिवहन निगम की बसों का संचालन न होने कारण श्रद्धालुओं को डग्गामार वाहन में सफर करना पड़ा। भारी भीड़ होने के कारण खासकर महिलाओें बच्चों को काफी परेशानी उठानी पडी।

शहर में पसरा रहा सन्नाटा

- मंगलवार दोपहर के बाद से शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। शहर के अधिकांश लोग रविवार से ही प्रवास को ककोड़ा चले गए थे। जबकि मंगलवार को रहे-बचे लोग भी मेला ककोड़ा को रवाना हो गए। ऐसे में दोपहर बाद तक शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।

chat bot
आपका साथी