घूंघट की ओट में किया प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की संख्या अधिक दिखाई पड़ी - वोट डा

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 12:24 AM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 02:28 PM (IST)
घूंघट की ओट में किया प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
घूंघट की ओट में किया प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

जेएनएन, बदायूं : राजनीतिक सहभागिता में महिलाएं पुरुषों से आगे दिखीं। घूंघट की ओट से प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला किया। चुनाव में महिला प्रत्याशियों की अच्छी खासी संख्या रही है। बूथों पर लंबी कतार लगाए महिलाओं का उत्साह यह बताने के लिए काफी है कि गांव की सरकार उनकी मर्जी से ही बनने जा रही है। देर शाम तक बूथों पर महिला मतदाताओं की भीड़ लगी रही। शहर के पास आरिफपुर नवादा, किसरूआ, नौशेरा, शेखूपुर, डहरपुर, बिचौला, गिधौल के बूथों पर महिलाओं की लंबी कतार लगी दिखाई पड़ी। ग्राम प्रधान से लेकर ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य सीटों के प्रत्याशी भी उनके परिचित ही थे, जिनमें से मन मुताबिक प्रत्याशी का चयन करना था। गांवों में गुटबंदी भी दिखाई पड़ी, लाइन में तो सभी गुटों की महिलाएं एक साथ लगी हुई थीं, लेकिन उन्हें अपने गुट के प्रत्याशी को जिताने और विरोधी गुट के प्रत्याशी को हराने का भी जज्बा दिखाई दिया। कुछ महिलाओं से पूछा कि किसको वोट देंगी, तपाक से बोलीं, यह बताना मुनासिब नहीं है। किसी के दबाव में तो नहीं है, इस सवाल पर उनका कहना था कि अपनी मर्जी से वोट देंगी। आसफपुर, बिसौली, सहसवान, दहगवां, दातागंज हर ब्लाक क्षेत्र के बूथों पर महिला वोटरों में कुछ इसी तरह का जज्बा दिखाई दिया। सरकार ने चारों सीटों पर 33 फीसद महिलाओं के लिए आरक्षण लागू किया है, इसलिए बड़ी संख्या में महिलाएं भी चुनाव मैदान में उतरी हैं। जिस गांव में प्रधान की सीट महिला रही है। वहां महिलाओं में उत्साह कुछ ज्यादा दिखाई दिया है।

chat bot
आपका साथी