ट्रैक्टर चलाकर बाढ़ क्षेत्र में पहुंचे विधायक, सांसद, डीएम

जेएनएन दातागंज (बदायूं) बाढ़ क्षेत्र का दौरा करने पहुंचे जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों का

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Oct 2021 12:53 AM (IST) Updated:Tue, 26 Oct 2021 12:53 AM (IST)
ट्रैक्टर चलाकर बाढ़ क्षेत्र में पहुंचे विधायक, सांसद, डीएम
ट्रैक्टर चलाकर बाढ़ क्षेत्र में पहुंचे विधायक, सांसद, डीएम

जेएनएन, दातागंज (बदायूं) : बाढ़ क्षेत्र का दौरा करने पहुंचे जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों का वाहन आगे नहीं बढ़ पा रहा था, तब दातागंज के विधायक राजीव कुमार सिंह ने ट्रैक्टर मंगाया। वह खुद ट्रैक्टर चलाकर हजरतपुर बाढ़ प्रभावित गांव पहुंचे। ट्रैक्टर पर आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप और जिलाधिकारी दीपा रंजन भी बैठीं। जन प्रतिनिधियों ने बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को सुना और समस्याओं के निदान का भरोसा दिलाया। पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि बाढ़ में हुए नुकसान का मुआवजा दिलाया जाएगा। खाने-पीने के साथ चिकित्सा और पशुओं के उपचार की भी व्यवस्था कराई जाएगी।

रामगंगा में आई बाढ़ से दातागंज क्षेत्र के दर्जनों गांव मुख्य मार्ग से कट गए हैं। रास्ते में पानी होने से उनका गांव से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। तीन दिन पहले मुख्यमंत्री के निर्देश पर राजस्व राज्यमंत्री छत्रपाल गंगवार ने यहां आकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया था। इसी क्रम में सोमवार को आंवला सांसद, दातागंज विधायक और जिलाधिकारी बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने निकले। कुछ दूर तक तक इनकी गाड़ियां चलती रहीं, लेकिन आगे जाकर रास्ते में अधिक पानी भरा था। हजरतपुर जाने के लिए ट्रैक्टर का इंतजाम कराया गया। विधायक ने खुद ट्रैक्टर की ड्राइविंग सीट संभाल ली और सांसद, डीएम भी ट्रैक्टर पर बैठ गए। अन्य अधिकारी पीछे ट्राली में खड़े होकर गांव पहुंचे। हजरतपुर के अलावा म्याऊं ब्लाक क्षेत्र के हर्ररायपुर और मौजमपुर में बाढ़ पीड़ितों से मिलकर उनका हाल जाना। सांसद ने कहा कि बाढ़ में किसी भी प्रकार की जनहानि एवं पशुहानि न हो जाए, इसके लिए प्रशासन पूरी मुश्तैदी से लगा हुआ है। सभी प्रकार की आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। दातागंज विधायक ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया गया है। किसानों की जो भी समस्याएं हैं, उनका प्राथमिकता से निस्तारण किया जाएगा। एसडीएम ने अवगत कराया कि 10 गांवों का संपर्क टूटा है। ग्रामीणों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश

डीएम ने निर्देश दिए कि ऐसे गांवों में नाव एवं खाने-पीने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण की जाएं। स्वास्थ्य एवं पशु विभाग की टीम बाढ़ प्रभावित गांवों में जाकर शिविर के माध्यम से दवाओं का वितरण करें एवं जागरुकता फैलाएं। सभी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता रहे। जिनके घर बाढ़ में बह गए हैं उनके लिए मुख्यमंत्री आवास की व्यवस्था की जाए। जिनकी फसल बर्बाद हो गई है, नुकसान का लेखपाल से आंकलन कराकर मुआवजा दिलाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भ्रमण शील रहकर स्थिति का जायजा लेते रहें। सभी प्रभावित लोगों को राहत एवं सहायता सामग्री त्वरित उपलब्ध कराएं। यह प्राथमिकता रहे कि किसी भी प्रकार की जनहानि न होने पाए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी दातागंज राम शिरोमणि, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. विक्रम सिंह पुंडीर, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. अरुण कुमार जादौन, जिला पूर्ति अधिकारी रमन मिश्रा, बाढ़ खंड अभियंता उमेश चंद्र, बीडीओ बीपी सिंह आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी