आठ थानों के फोर्स की निगरानी में होगा गणपति विसर्जन

शहर में बुधवार को निकलने वाली गणेश विसर्जन यात्रा पुलिस के कड़े पहरे में निकलेगी।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 19 Sep 2018 12:59 AM (IST) Updated:Wed, 19 Sep 2018 12:59 AM (IST)
आठ थानों के फोर्स की निगरानी में होगा गणपति विसर्जन
आठ थानों के फोर्स की निगरानी में होगा गणपति विसर्जन

बदायूं : शहर में बुधवार को निकलने वाली गणेश विसर्जन यात्रा पुलिस के कड़े पहरे में निकलेगी। आठ थानों की पुलिस के साथ ही पीएसी भी मुस्तैद रहेगी। बदायूं से कछला तक विभिन्न स्थानों पर तैनात फोर्स यात्रा की निगरानी करेगी। आज जहां एक ओर श्री गणेश सेवा मंडल के तत्वावधान में चल रहे गणेश महोत्सव के संपूर्ण होने पर विघ्नहरण भगवान श्रीगणेश को गंगा में विसर्जित किया जाएगा।

शहर में जगह-जगह लगे पांडालों में स्थापित गजानन भी इस यात्रा के साथ कछला गंगाघाट पर विसर्जित होंगे। दोपहर से गणेशभक्तों की हजारों की भीड़ डीजे की धुन पर नाचती-गाती और जयकारे लगाने के साथ होली खेलती हुई लालपुल तक जाएगी। जबकि इसके आगे मुख्य सेवादारों का रैला अपने वाहनों से गणपति के साथ कछला गंगाघाट पहुंचेगा। लगभग चार से छह घंटे शहर के बिरुआबाड़ी मंदिर से लेकर पथिक चौक, टिकटगंज, हलवाई चौक, नेहरूचौक इलाके पूरी तरह जाम रहेंगे। इसके अलावा भी कई अन्य इलाकों में निकलने वाली श्रीगणेश की यात्राएं लालपुल से कछला का रुख करेंगी। इन यात्राओं की सुरक्षा के लिए पुलिस ने भी इंतजाम पूरे कर लिए हैं। आठ थानों की पुलिस के साथ ही 25 दारोगा, 70 सिपाही और 12 महिला सिपाही लगाई जाएंगी। वहीं डेढ़ सेक्शन पीएसी के अलावा रिजर्व पुलिस लाइन से आर्म पुलिस भी ली जाएगी। साथ ही दंगा निरोधक वाहनों में दंगा नियंत्रण में प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों के अलावा टियर फैमिली और दमकल विभाग की टीमें भी रहेंगी। वर्जन

सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बदायूं से कछला तक यात्रा के दौरान खुराफाती तत्वों की भी निगरानी की जाएगी।

- जितेंद्र श्रीवास्तव, एसपी सिटी

chat bot
आपका साथी