जब गांव की बनेगी सरकार तब मिटेगा भ्रष्टाचार

सगड़ी तहसील के सुखमदत्त नगर गांव में सोमवार को भारत

By JagranEdited By: Publish:Mon, 08 Nov 2021 07:05 PM (IST) Updated:Mon, 08 Nov 2021 07:05 PM (IST)
जब गांव की बनेगी सरकार तब मिटेगा भ्रष्टाचार
जब गांव की बनेगी सरकार तब मिटेगा भ्रष्टाचार

जागरण संवाददाता, रौनापार (आजमगढ़): सगड़ी तहसील के सुखमदत्त नगर गांव में सोमवार को भारत परिषद द्वारा गांव की सरकार बनाओ जन जागरण अभियान की शुरुआत की गई। दर्जनों गांव के लोगों ने सुखमदत्त नगर में उपस्थित होकर गांव की सरकार बनाने के लिए संकल्प लिया और इसके लिए गांधीवादी तरीके से संघर्ष करने का एलान किया।

गांव की सरकार बनाओ और देश से भ्रष्टाचार मिटाओ जन जागरण सभा में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए भारत परिषद संगठन के प्रदेश महासचिव बेचू यादव ने कहा कि गांव की गुलामी तोड़ने के लिए आज नौजवानों को आगे आना होगा। संविधान में गांव की सरकार को 29 विभाग दिया गया है, लेकिन देश की आजादी के 75 साल बाद भी मात्र देश और प्रदेश की सरकारें ही चल रही हैं। संविधान में गांव की सरकार की व्यवस्था दी गई है, उसको सरकार अपने कब्जे में लेकर गांव को गुलाम बनाई हुई है। इसमें सबसे बड़ी बाधा पंचायती राज एक्ट की धारा 15 बनी हुई है। धारा 15 में व्यवस्था दी गई है कि जिस प्रकार से जैसे चाहे राज्य सरकार निर्देश करेगी। वैसे ही ग्राम पंचायतों को मानना होगा। यही सबसे बड़ी गुलामी हम गांव वाले 75 साल से झेलते आ रहे हैं।

बेचू यादव ने नौजवानों का आह्वान किया कि अपने हक की लड़ाई के लिए तैयार हो जाएं।जब संविधान ने ग्राम पंचायतों को स्वतंत्र इकाई मानकर केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार जैसी गांव सरकार की व्यवस्था दी है, तो संविधान का 73 वां संशोधन कर धारा 15 क्यों बढ़ाया गया। धारा पंद्रह समाप्त होना चाहिए। जन जागरण कार्यक्रम के उपरांत पदाधिकारियों का चयन किया गया। इसमें डा. अशोक चौहान पूर्वांचल प्रभारी, विजय नारायण यादव मंडल अध्यक्ष, धनंजय चौबे मंडल अध्यक्ष किसान प्रकोष्ठ, सुभाष महादेव युवा मंडल अध्यक्ष, बैजनाथ राव वास्तिक पूर्वांचल मीडिया प्रभारी, सरफुद्दीन अंसारी मंडल मीडिया प्रभारी, राजू यादव युवा ब्लाक अध्यक्ष हरैया, सदानंद यादव पूर्वांचल महासचिव, संजय यादव मंडल सचिव, मोनू यादव पूर्वांचल उपाध्यक्ष चुने गए। सभा में अजमतगढ़ ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि मनीष कुमार मिश्रा, उमेश यादव, मुंशी चौहान, फिरोज अहमद, हीरा यादव, नन्नू यादव, सतीश चंद्र चौहान, उमेश यादव, गोविदा राजभर, सुनील राजभर, रामप्रीत विश्वकर्मा आदि रहे।

chat bot
आपका साथी