मतपेटिकाओं में डाला पानी, मतदान निरस्त

विकासखंड लालगंज के ग्राम सरूपहां स्थित कंपोजिट विद्यालय पर

By JagranEdited By: Publish:Mon, 19 Apr 2021 08:31 PM (IST) Updated:Mon, 19 Apr 2021 08:31 PM (IST)
मतपेटिकाओं में डाला पानी, मतदान निरस्त
मतपेटिकाओं में डाला पानी, मतदान निरस्त

जागरण संवाददाता, लालगंज (आजमगढ़) : विकासखंड लालगंज के ग्राम सरूपहां स्थित कंपोजिट विद्यालय पर बने दो बूथों की मतपेटिकाओं में उपद्रवियों ने पानी डाल दिया। उसके बाद मतदान बाधित हो गया और कुछ देर बाद पहुंचे एसडीएम पंकज श्रीवास्तव ने दोनों बूथों पर मतदान निरस्त करने की घोषणा कर दी।

हुआ यह कि मतदान के दौरान सुबह कई प्रत्याशियों के समर्थक बूथ के बाहर मौजूद थे। बूथ संख्या 254, 255, 256 पर मतदान चल रहा था। इसी दौरान कहीं से हवा उड़ी कि फर्जी मतदान कराया जा रहा है। उसके बाद सभी के समर्थक एक ही बोल बोलने लगे लेकिन कोई यह नहीं बता पा रहा था कि किसके पक्ष में फर्जी मतदान हो रहा है। अभी यह सब हो ही रहा था कि कुछ लोग बूथ में दाखिल हुए और बाल्टी का पानी मतपेटिकाओं में डाल दिए। उपजिलाधिकारी ने बताया कि बूथ संख्या 254 पर 110, 255 पर 91 व बूथ संख्या 256 पर 102 मत पड़े थे। बूथ संख्या 254 पर मतदान कराया गया, जबकि बाकी दोनों बूथों का मतदान निरस्त कर दिया गया है।

उधर मतदान समाप्त होने के बाद पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू की तो एक के घर तोड़फोड़ भी की गई। देवगांव कोतवाल एसपी सिंह ने बताया कि आरोपितों का नाम प्रकाश में आ चुका है। गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी