गोधौरा में तीसरे दिन भी ग्रामीणों में खौफ

= पुलिस का डर - गांव में पसरा सन्नाटा सहमा रहा हर शख्स - अनाज बर्बाद होने के कारण भोज

By JagranEdited By: Publish:Thu, 06 May 2021 05:12 PM (IST) Updated:Thu, 06 May 2021 05:12 PM (IST)
गोधौरा में तीसरे दिन भी ग्रामीणों में खौफ
गोधौरा में तीसरे दिन भी ग्रामीणों में खौफ

= पुलिस का डर

- गांव में पसरा सन्नाटा, सहमा रहा हर शख्स

- अनाज बर्बाद होने के कारण भोजन का भी संकट

जागरण संवाददाता, जहानागंज (आजमगढ़) : जहानागंज थाना क्षेत्र के जिला पंचायत क्षेत्र धरवारा के लिए पड़े मतों की दोबारा गणना कराने की मांग को लेकर मंगलवार को हुए बवाल के तीसरे दिन गुरुवार को भी गोधौरा गांव में सन्नाटा पसरा रहा। बवाल के चलते गांव से महिलाएं और पुरुष पलायित हो गए हैं। पुलिस के भय से गांव से भागे लोग गुरुवार को तीसरे दिन भी नहीं लौटे।

कुछ महिलाएं और लड़कियां थाने से छूटने के बाद डरी सहमी घर वापस आईं तो घर की हालात देखकर सिर पर हाथ रखकर रो रही थीं। उनका कहना था कि घर में खाने के लिए भी कुछ नहीं बचा है। पुलिस वालों ने घर में रखा अनाज फेंककर बर्बाद कर दिया है तो वहीं बिजली के बोर्ड, पंखे, चूल्हा तोड़ डाला है। घर में कुछ भी नहीं बचा है। ऐसी हालत में बच्चों को क्या खिलाएं, यह समझ में नहीं आ रहा है। बुधवार की रात में कुछ महिलाएं गांव पहुंचीं तो देखा दरवाजे पर गाय और भैंस भूख-प्यास से तड़प रहे हैं। सबसे पहले उन लोगों ने जानवरों को पानी पिलाया और खाने के लिए भूसा का इंतजाम किया। गांव की रिकी, सावित्री, जोखन, मेवाती, लुटावन, रामप्रकाश, गुड्डू ने बताया कि जो लोग गांव में चोरी से आ भी रहे हैं उन्हें भी इस बात का डर है कि पुलिस कहीं हमको ही पकड़कर मुल्जिम न बना दे। पुलिस जिस तरह से कहानी बनाकर मुकदमा दर्ज किया है उससे पूरा गांव भयभीत है। लोगों का कहना है कि पुलिस निर्दोष लोगों को भी अनावश्यक परेशान कर रही है। पूरी घटना की जांच कराकर उचित कार्रवाई होनी चाहिए।

chat bot
आपका साथी