यादव परिवार के तेज प्रताप का बड़ा बयान-शिवपाल की पार्टी से होगा सपा का नुकसान

समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के प्रदेश में 80 सीट पर चुनाव लडऩे की घोषणा पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि सेक्युलर मोर्चा भी समाजवादी पार्टी के बड़े वोट को प्रभावित करेगा।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Thu, 20 Sep 2018 10:42 AM (IST) Updated:Thu, 20 Sep 2018 01:22 PM (IST)
यादव परिवार के तेज प्रताप का बड़ा बयान-शिवपाल की पार्टी से होगा सपा का नुकसान
यादव परिवार के तेज प्रताप का बड़ा बयान-शिवपाल की पार्टी से होगा सपा का नुकसान

आजमगढ़ (जेएनएन)। समाजवादी पार्टी के विधायक शिवपाल सिंह यादव के समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का गठन करने के बाद पहली बार यादव परिवार के किसी सदस्य ने उनके पक्ष में बयान दिया है। मैनपुरी से सपा से सांसद तेज प्रताप सिंह यादव ने कहा कि सेक्युलर समाजवादी मोर्चा के गठन से समाजवादी पार्टी को नुकसान होगा।

राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष प्रसाद यादव के दामाद तथा मुलायम सिंह यादव के नाती तेज प्रताप सिंह यादव उर्फ तेजू कल आजमगढ़ में थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव की तैयारी में पार्टी जोरदार ढंग से लगी है। उन्होंने कहा कि सेक्युलर समाजवादी मोर्चा का भले ही गठन कर लिया गया है कि लेकिन मुलायम सिंह यादव ने इसको लेकर अभी कोई बयान नहीं दिया है। हां, झंडा पर जरूर उनकी तस्वीर लगाई गई है। अब वह परिवार के मुखिया हैं जो भी फैसला लेंगे उसका स्वागत किया जाएगा।

छोटे दादा शिवपाल सिंह यादव के समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का गठन करने के प्रकरण पर उन्होंने कहा कि फिलहाल अभी तक वह समाजवादी पार्टी में हैं। समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के प्रदेश में 80 सीट पर चुनाव लडऩे की घोषणा पर उन्होंने कहा कि कोई भी परिवार टूटता है तो बिखराव जरूर होता है। उसी तरह से सेक्युलर मोर्चा भी समाजवादी पार्टी के बड़े वोट को प्रभावित करेगा। इससे समाजवादी पार्टी को नुकसान होगा, लेकिन चुनाव के समय हम इससे निपटने की तैयारी में लगे हैं।

मैनपुरी से समाजवादी पार्टी के सांसद तेज प्रताप यादव ने कहा कि शिवपाल सिंह यादव के अलग पार्टी बनाने से लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पर थोड़ा असर तो पड़ेगा, लेकिन यह उम्मीदवार पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि जब कोई पार्टी बनती है और किसी पार्टी से टूटकर बनती है तो उसका नुकसान होता ही है। शिवपाल सिंह से सुलह के सवाल पर कहा कि अगर नेताजी प्रयास करें तो समझौता हो सकता है।

मुलायम सिंह यादव परिवार के तीसरी पीढ़ी के सदस्य तेज प्रताप यादव ने कहा है कि शिवपाल यादव के अलग होने से 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की संभावनाओं पर बुरा असर पड़ेगा। ऐसा पहली बार है जब यादव परिवार के किसी सदस्य ने शिवपाल यादव और अखिलेश यादव के बीच फिर से शुरू हुई सियासी लड़ाई में खुलेआम बयान दिया है।

मैनपुरी के सांसद व सपा नेता तेज प्रताप यादव ने कहा एससी-एसटी एक्ट का पार्टी स्वागत करती है। सुप्रीम कोर्ट ने यह निर्णय सोच-समझ कर लिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार हटाने के लिए छोटे-छोटे दल से भी गठबंधन करना पड़ा तो पार्टी पीछे नहीं हटेंगी। किसी भी कीमत पर देश के साथ प्रदेश से भाजपा की इस सरकार को हटाना है। इसके लिए पूरी पार्टी युद्धस्तर पर मैदान में उतरने जा रही है।

सांसद ने कहा कि बसपा-सपा का गठबंधन होगा। बसपा सुप्रीमो मायावती का बयान भी सही है। उनके बयान के आधार पर उनकी मांग समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पूरी करेंगे। किसी भी कीमत पर गठबंधन किया जाएगा क्योंकि 2019 का चुनाव गठबंधन के बलबूते ही जीता जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश व केंद्र सरकार अपने मंसूबे में पूरी तरह फेल है। हर तरफ हत्या, दुष्कर्म व लूट की घटनाएं घट रही है। महिलाओं की आबरू सुरक्षित नहीं है। ऐसे में पूरे प्रदेश की कानून व्यवस्था भंग हो गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार में आते ही भाजपा ने सपा के कार्यकाल की सारी विकास योजनाओं को बंद कर दिया। यह तो हर मामले को हिंदू-मुस्लिम करने पर आमादा है। प्रदेश में गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार बढ़ गया है। इन मुद्दों को लेकर हम जनता के बीच जा रहे हैं। विकास के नाम पर सत्ता में आई सरकार अब हिंदू-मुस्लिम को बांट रही है। प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में सरकार विफल रही है। ऐसे में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता जनता में संदेश लेकर जाएंगे और समाजवादी पार्टी सरकार की उपलब्धियों को गिनाएंगे और सरकार का चिट्ठा खोलेंगे, ताकि लोकसभा चुनाव का महासमर जीता जा सके।

ईशदत्त यादव के पुण्यतिथि समारोह में आजमगढ़ में मैनपुरी से सांसद तेज प्रताप सिंह यादव ने कहा आजमगढ़ में सपा सरकार के कार्यों को देखकर गर्व की अनुभूति हुई। सपा ने जनपद को बहुत कुछ दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां आकर चले गए, लेकिन जनपद को कुछ नहीं दिया। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ से उनका चुनाव लडऩे का इरादा नहीं है, लेकिन अगर पार्टी चाहेगी तो वह पीछे नहीं हटेंगे। 

chat bot
आपका साथी