बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से होगा कांग्रेस का गठबंधन

जागरण संवाददाता आजमगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि हमारा गठबंध

By JagranEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 08:02 PM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 08:02 PM (IST)
बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से होगा कांग्रेस का गठबंधन
बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से होगा कांग्रेस का गठबंधन

जागरण संवाददाता, आजमगढ़ : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि हमारा गठबंधन होगा, लेकिन बूथ पर कांग्रेस का झंडा लेकर संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं के साथ।

हमारा गठबंधन हर उस न्याय पंचायत के अध्यक्ष और ग्राम कांग्रेस के अध्यक्ष के साथ-साथ हर गरीब, मजलूम, किसान और संविधान की रक्षा में उठे हाथ से होगा जो कांग्रेस के पंजे को ताकत देने का काम कर रहे हैं।

अजय कुमार ने शहर से सटे हीरापट्टी स्थित एक मैरेज हाल में कांग्रेस के जिला, शहर, न्याय पंचायत,सभी फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी पूर्वी उत्तर प्रदेश के दौरे पर वाराणसी आ रही हैं। उनकी महारैली को सफल बनाने के लिए यहां की 278 न्याय पंचायतों के अध्यक्षों को तैयार रहना होगा। सभी ब्लाक अध्यक्षों ने प्रदेश अध्यक्ष को अपने-अपने क्षेत्रों में ग्राम कांग्रेस के गठन की प्रगति से अवगत कराया। चुनाव के मद्देनजर चल रही तैयारियों की समीक्षा के बाद जिले में आने वाली प्रतिज्ञा यात्रा का स्वागत किए जाने का आह्वान किया।

कार्यकर्ताओं ने बनारस पहुंचने का संकल्प दोहराया। अजय कुमार लल्लू ने अखिलेश यादव और मायावती के बारे में कहा कि लड़ाई के मैदान में पिछले पांच साल से पीठ दिखाकर भाग रहे हैं। अपने ऊपर लगे 167 मुकदमों का जिक्र करते हुए मायावती को पर्दे के पीछे से तमाशा देखने वाली नेता बताया। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष विश्व विजय सिंह ने कहा कि अब कांग्रेस प्रत्येक गांव में अपना कार्यालय खोलेगी जो सीधे जिला कांग्रेस, प्रदेश कार्यालय के संपर्क में रहेगा। विशिष्ट अतिथि मणींद्र मिश्र, अहमद शमसाद ने भी अपने विचार रखे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने की। संगठन सचिव अनिल यादव, राम अवध एडवोकेट आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी