धान के नकली बीज का कमाल, दाना गायब, हाथ आया पुआल

जागरण संवाददाता आजमगढ़ शासन-प्रशासन ने किसानों को गुणवत्ता पूर्ण धान के बीज व उर्वरक की

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Oct 2020 05:34 PM (IST) Updated:Thu, 22 Oct 2020 09:33 PM (IST)
धान के नकली बीज का कमाल, दाना गायब, हाथ आया पुआल
धान के नकली बीज का कमाल, दाना गायब, हाथ आया पुआल

जागरण संवाददाता, आजमगढ़: प्रशासन ने किसानों को गुणवत्ता पूर्ण धान के बीज व उर्वरक की उपलब्धता का दावा जरूर किया। टीम में शामिल अधिकारियों ने दुकानों का निरीक्षण किया, नमूने भी लिए, चेतावनी भी दी, लेकिन धान के नकली बीज की बिक्री पर अंकुश नहीं लगा सके। नतीजा, धान की फसल तो देखने में अच्छी है, लेकिन दाना नदारद है। ऐसे में उनके हाथ सिर्फ पुआल ही लगा है।

विकास खंड बिलरियागंज के पटवध कौतुक गांव के किसान लल्ला राय ने शहर के सिविल लाइन स्थित निजी लाइसेंसी दुकान से दो किलो धान (महीन) का बीज लिया था। एक बीघा(20 बिस्वा) खेत में उसकी बोआई की थी। पानी और उर्वरक देने के बाद फसल तैयार हुई। देखने में तो फसल अच्छी लग रही थी। बाली भी बड़ी-बड़ी थी, लेकिन जब श्रमिकों से कटाई कर मड़ाई कराई गई तो हाथ में शतप्रतिशत धान की जगह पुआल आया। यह देखकर वह अवाक रह गए। किसान के मुताबिक कम से कम 10 क्विंटल धान का उत्पादन होना चाहिए था, लेकिन उपज बहुत कम हुई। ''जिले में 20 राजकीय बीज भंडार एवं 380 लाइसेंसी बीज की दुकानें हैं। यदि किसान के धान की फसल में दाना नहीं आया है तो वे प्रजाति का नाम बताएं, लिखित शिकायत करें। विभागीय कर्मचारी से जांच कराई जाएगी। शिकायत सही मिली तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

--डा. उमेश कुमार गुप्ता, जिला कृषि अधिकारी।

chat bot
आपका साथी