फौजी की पत्नी व बेटी को मरणासन्न करने वाला दूसरा आरोपित गिरफ्तार

जागरण संवाददाता औरैया सदर कोतवाली के गांव समरथपुर में 12 सितंबर की रात बदमाशों ने फौ

By JagranEdited By: Publish:Mon, 04 Oct 2021 07:55 PM (IST) Updated:Mon, 04 Oct 2021 07:55 PM (IST)
फौजी की पत्नी व बेटी को मरणासन्न करने वाला दूसरा आरोपित गिरफ्तार
फौजी की पत्नी व बेटी को मरणासन्न करने वाला दूसरा आरोपित गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, औरैया: सदर कोतवाली के गांव समरथपुर में 12 सितंबर की रात बदमाशों ने फौजी के घर घुसकर उसकी पत्नी व बेटी के साथ मारपीट कर मरणासन्न किया था। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपित को पकड़ा था। मिले साक्ष्य व जानकारी के अनुसार दूसरे आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपित पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित है। आरोपित ने अपना जुर्म कबूला है।

गांव समरथपुर निवासी फौजी विजय पाल सिंह के घर 12 सितंबर को बदमाश घुस आए थे। फौजी की पत्नी रोली व पुत्री निशा, क्षमा व छवि घर पर थे। बदमाशों ने रोली के अलावा निशा, क्षमा व छवि की जमकर पिटाई की थी। इसमें पत्नी व बेटी निशा को चोट ज्यादा आई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां से हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने ग्वालियर के अस्पताल में रेफर कर दिया था। जहां पर उनका इलाज चल रहा था। सोमवार शाम स्वाट टीम प्रभारी सतेंद्र यादव व देवकली चौकी इंचार्ज सुधीर भारद्वाज गश्त पर थे। उसी दौरान जालौन चौराहे पर भगाने की फिराक में खड़े घटना में शामिल आरोपित रवि कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपित के ऊपर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित है। इससे पहले मुख्य आरोपित शिव पूजन को जेल भेजा जा चुका है। क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार व सीओ सिटी सुरेंद्रनाथ यादव ने संयुक्त रूप से बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपित रवि कुमार ने बताया कि उसने गांव के ही शिवपूजन के कहने पर उसके साथियों के साथ समरथपुर में फौजी के घर चोरी करने के इरादे से घटना की थी। मारपीट में प्रयुक्त बल्ली व अन्य उपकरण शिवपूजन ने कहीं फेंक दिया था। शिव पूजन के दो अन्य साथी थे। वह उनके बारे में नहीं जानता है। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया है। जहां से जेल भेजने की कार्रवाई की गई।

chat bot
आपका साथी