विपक्ष को जनता देगी जवाब, चुनाव के लिए कस लें कमर
जासं औरैया विधान सभा चुनाव-2022 की तैयारियों में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता कोई कसर ब
जासं, औरैया: विधान सभा चुनाव-2022 की तैयारियों में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता कोई कसर बाकी न रखें। विपक्ष को चुनाव नतीजे में जनता का जवाब मिल जाएगा। सपा, बसपा, कांग्रेस समेत सभी विपक्षी घबराए हुए हैं। लोकतंत्र जागरूक है। विपक्षियों को समझता है। सत्ता में रही पूर्व सरकारों ने जो किया, वह किसी से छिपा नहीं है। भाजपा हर पहलुओं पर कार्य करते हुए विकास कार्यों को गति देने में लगी है। सोमवार को इन बातों से केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कार्यकर्ताओं व जिले के पार्टी पदाधिकारियों में जोश भर दिया। उन्होंने चुनाव तैयारी की थाह तुर्कीपुर स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक करके ली। उन्होंने विपक्षियों पर प्रहार करते हुए कहा कि विकास किसे कहा जाता है वे भाजपा से सीखें। अतार्किक बातों से उन्हें बचने की जरूरत है।
निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी दो दिवसीय दौरे पर जिले में रहीं। सोमवार को उन्होंने पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ता बैठक को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि चुनाव नजदीक है। इसलिए मेहनत में कोई कसर न रखी जाएं। जनता के बीच जाकर उन्हें सरकार की उपलब्धियों व विकास कार्यों को बताया जाए। इसके अलावा उनकी समस्या पूछते हुए उसका निस्तारण कराने पर जोर दें। विधान सभावार तैयारी समीक्षा करते हुए उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों को दिशा निर्देश भी दिए। जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्रा समेत अन्य पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मिशन-2022 को लेकर श्रीराम मिश्रा ने कहा कि बूथवार कार्यकर्ता सक्रिय हैं। इस दौरान जिला महामंत्री कौशल राजपूत, भुवन गुप्ता, कुलदीप दुबे, सर्वेश कठेरिया आदि भाजपाई मौजूद रहे।