गेल से जुड़ी कंपनी के अफसर को बंधक बनाने के मामले में एक गिरफ्तार

संवाद सूत्र दिबियापुर (औरैया) गैस अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड (गेल) के पाता पेट्रो केमिकल

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 11:38 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 11:38 PM (IST)
गेल से जुड़ी कंपनी के अफसर को बंधक बनाने के मामले में एक गिरफ्तार
गेल से जुड़ी कंपनी के अफसर को बंधक बनाने के मामले में एक गिरफ्तार

संवाद सूत्र, दिबियापुर (औरैया) : गैस अथारिटी आफ इंडिया लिमिटेड (गेल) के पाता पेट्रो केमिकल संयंत्र से जुड़ी मुंबई की आप्टेक कंपनी के पांच अफसरों को कार समेत अगवा करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसे कुछ दिन पहले ही जिलाबदर किया जा चुका है। बाकी की तलाश में दबिश जा रही है। पुलिस कुछ संदिग्ध लोगों को उठाकर पूछताछ में जुटी है।

शनिवार को मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के दीनदयाल नगर निवासी कंपनी के चीफ मैनेजर सौरभ ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि वह अपनी कार से विश्वजीत, अरुण कुमार यादव, बृजेंद्र सिंह, प्रीतम सिंह व प्रदीप कुमार के साथ पाता जा रहे थे। वैसुन्धरा बंबा पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उनकी कार को रोक लिया था। उसपर सवार अरुण कुमार व बृजेंद्र को गाड़ी से नीचे उतार दिया था। इसके बाद बदमाशों ने मारपीट कर उन्हें बिधूना में दो घंटे बंधक बनाने के बाद छोड़ दिया था। एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि एक आरोपित दीपू यादव को कस्बा के फफूंद रोड स्थित गोशाला से उपनिरीक्षक नीरज शर्मा व मोहम्मद शाकिर ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी सुनील कुमार वर्मा के नेतृत्व में बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। दीपू यादव कुछ माह पहले ही जिलाबदर किया गया था। बावजूद इसके वह घर पर रह रहा था। उसके खिलाफ कई और मामले भी दर्ज हैं। उधर, कंपनी के अधिकारियों व कर्मचारियों को अगवा करने की घटना के बाद से गेल में काम कर रहीं दूसरी कंपनियों से जुड़े लोगों में भी दहशत है। एसपी ने बताया कि जल्द ही बाकी आरोपित भी पकड़कर जेल भेजे जाएंगे।

chat bot
आपका साथी