मालगाड़ी की चपेट में आने से वृद्ध की मौत

संवाद सूत्र दिबियापुर नई दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर फफूंद स्टेशन के पास एक वृद्ध मालगाड़ी क

By JagranEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 11:10 PM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 11:10 PM (IST)
मालगाड़ी की चपेट में आने से वृद्ध की मौत
मालगाड़ी की चपेट में आने से वृद्ध की मौत

संवाद सूत्र, दिबियापुर: नई दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर फफूंद स्टेशन के पास एक वृद्ध मालगाड़ी की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की वजह से ट्रेन करीब 15 मिनट तक आउटर पर रुकी है। गार्ड की सूचना पर स्टेशन मास्टर ने आरपीएफ के अलावा कस्बा पुलिस को घटना की जानकारी दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को ट्रैक से हटाया। इसके बाद बाधित रेल रूट बहाल हो सका। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

घटना शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है। फफूंद रेलवे स्टेशन के पश्चिमी आउटर सिग्नल से करीब 200 मीटर पहले गपकापुर गांव समीप मालगाड़ी की चपेट में वृद्ध आ गया। चपेट में आए वृद्ध दिव्यांग थे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। लोको पायलट ने हादसे के बाद इंजन को जांचने के लिए ट्रेन रोक दी। करीब 15 मिनट ट्रेन रुकने पर स्टेशन कंट्रोल रूम में खलबली मच गई। गार्ड को लोको पायलट ने ट्रेन रोके जाने का कारण बताया। सूचना पाकर आरपीएफ के उपनिरीक्षक गुड्डू सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि रेलवे की सीमा के बाहर की घटना है। इसलिए सिविल पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। कस्बा इंचार्ज मनोज शुक्ला ने घटनास्थल पर पहुंच कर जांच पड़ताल कर बताया मृतक की उम्र करीब 60 वर्ष है। उसका एक हाथ नहीं है। उसका शव डाउन लाइन पर पड़ा था। शव के पास से कुछ भी नहीं मिला है। काफी प्रयास के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव का पंचनामा भर मोर्चरी में रखवाया गया है। शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

chat bot
आपका साथी