अब सरकारी केंद्रों पर आठ किसानों से हो रही खरीद
जागरण संवाददाता औरैया बड़े काश्तकारों को मात्र 75 क्विटल धान खरीदे जाने के निर्देश जारी
जागरण संवाददाता, औरैया : बड़े काश्तकारों को मात्र 75 क्विटल धान खरीदे जाने के निर्देश जारी होने के बाद छोटे किसानों को राहत मिलना शुरू हो गई है। पहले जहां चार-पांच किसानों की खरीदारी हो रही थी। अब उनकी संख्या बढ़कर आठ व नौ किसानों तक पहुंच गई है। वहीं छोटे किसानों को वरीयता दी जाने लगी है। किसानों की समस्याओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह व्यवस्था लागू की है।
शासन की ओर से इस बार पचास हजार मीट्रिक टन लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 44 क्रय केंद्र संचालित किए गए हैं। लक्ष्य के सापेक्ष अभी तक 30 फीसद खरीद कर ली गई है। अभी तक देखने को मिल रहा था कि बड़े काश्तकारों का धान तत्काल खरीद लिया जाता था, जिसके चलते छोटे किसानों को काफी इंतजार करना पड़ता था। शासन के निर्देश पर डीएम अभिषेक सिंह ने छह क्रय केंद्रों को उप मंडी समिति में शिफ्ट किए जाने के निर्देश दिए थे। हालांकि कार्तिक पूर्णिमा के चलते सोमवार को अवकाश था, लेकिन फिर से औरैया मंडी समिति के खाद्य विभाग के क्रय केंद्र पर किसानों से धान खरीदा गया, जो दो-तीन दिन से इंतजार कर रहे थे।वैसे जनपद के 44 क्रय केंद्रों पर प्रतिदिन 1500 से लेकर दो हजार क्विटल धान खरीद होना शुरू हो गई है। साथ ही डीएम ने अधिक से अधिक खरीद किए जाने के निर्देश दिए हैं। बोले किसान
भरसेन निवासी किसान रणवीर सिंह ने बताया कि वह तीन दिन पहले क्रय केंद्र पर आए हुए थे। आज अवकाश होने के बावजूद भी उनका धान खरीद लिया गया है। उन्होंने कहा कि अब किसानों को ज्यादा परेशानी नहीं हो रही है। दो-तीन बार उन्हें लौटा दिया गया था। किसान वीरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें दो दिन पहले का टोकन दिया गया था। वह ट्रैक्टर पर धान लेकर आ गए थे, लेकिन रविवार पड़ जाने के कारण उनका धान नहीं खरीदा जा सका। सोमवार को दोपहर में उनका पचास क्विटल धान खरीद लिया गया है। वर्जन -
किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। किसी भी किसान को क्रेंद्र पर परेशान न किया जाए, इसके लिए केंद्र प्रभारियों को चेतावनी भी दी गई है। - सुधांशु शेखर चौबे, डिप्टी एआरएमओ