दिल्ली से लौट रहे प्रवासियों को बस स्टेशन पर खाने पड़े धक्के

जागरण संवाददाता औरैया दिल्ली में लॉकडाउन होने से प्रवासियों की घर वापसी सोमवार रात से

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 11:16 PM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 11:16 PM (IST)
दिल्ली से लौट रहे प्रवासियों को बस स्टेशन पर खाने पड़े धक्के
दिल्ली से लौट रहे प्रवासियों को बस स्टेशन पर खाने पड़े धक्के

जागरण संवाददाता, औरैया: दिल्ली में लॉकडाउन होने से प्रवासियों की घर वापसी सोमवार रात से शुरू है। उनके आने जाने में डिपो की बस कम पड़ गई हैं। दिल्ली से लौट रहे तमाम प्रवासी स्टेशन पर बस के लिए जूझते नजर आए। वहीं लोकल रूट पर वाहनों का इंतजार करते देखे गए। ऐसे में ज्यादातर प्रवासियों ने डग्गामार वाहन की ओर रुख किया। उनका कहना था कि बस में भीड़ ज्यादा है। सीट की जद्दोजहद दिल्ली से औरैया तक रही। इसके आगे का सफर कम से कम ठीक हो, इसलिए डग्गामार वाहन से जाना ही समझदारी है।

प्रवासियों की घर वापसी को देखते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की करीब 20 बस औरैया डिपो से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। मंगलवार सुबह करीब चार बजे से बस लौटनी शुरू हुई। डिपो आने वाली बस में प्रवासी गेट तक भरे थे। जिन्हें सीट नहीं मिली वह खड़े होकर ही दिल्ली से औरैया पहुंचे। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि डिपो की 20 बस सोमवार की रात आनंद विहार बस अड्डा के लिए भेजी गई। 26 बस पहले से ही चुनाव ड्यूटी में जा चुकी हैं। ऐसे में डिपो के पास सिर्फ 30 बस ही शेष रह गई। इन बस को यात्री की संख्या के आधार पर सुबह से ही आगरा, कानपुर, उरई, झांसी, शाहजहांपुर, मुरादाबाद के लिए रवाना किया गया। करीब पांच बस डिपो में इमरजेंसी के लिए रोक रखी गईं। इन सब स्थितियों में डिपो में यात्रियों वाहनों की कमी नजर आई। यात्रियों को घंटों गंतव्य तक जाने के लिए बस का इंतजार करना पड़ा। तमाम सवारियां बिना इंतजार किए ही अन्य संसाधनों से निकल गईं। वहीं सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आरएस चौधरी ने कहा कि चूंकि किसी भी रूट पर यदि 25-30 सवारियां स्टेशन से ही मिलती हैं। तो बस भेजकर यात्रियों को पहुंचाने की व्यवस्था की गई। डग्गामार वाहनों की रही चांदी:

रोडवेज बसों की कमी का लाभ डग्गामार वाहनों ने जमकर उठाया। औरैया से पुखरायां, जहानाबाद मार्ग पर रोडवेज बसें की संख्या कम होने की वजह से डग्गामार वाहनों की खूब बल्ले-बल्ले हुई। देवकली चौराहा से मैजिक से पुखरायां, भोगनीपुर की सवारियों की लाइन लगी रही। यात्रियों की मजबूरी का फायदा डग्गामार वाहनों ने खूब उठाया।

chat bot
आपका साथी