कम लाए हैं जेवर..नहीं करूंगी ब्याह

संवादसूत्र फफूंद (औरैया) जेवर कम लाने का आरोप लगाकर दुल्हन ने ब्याह से इन्कार कर दिया। फेरों

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 11:37 PM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 11:37 PM (IST)
कम लाए हैं जेवर..नहीं करूंगी ब्याह
कम लाए हैं जेवर..नहीं करूंगी ब्याह

संवादसूत्र, फफूंद (औरैया): जेवर कम लाने का आरोप लगाकर दुल्हन ने ब्याह से इन्कार कर दिया। फेरों से पहले दुल्हन के मना करने से वर पक्ष में खलबली मच गई। वधू पक्ष ने लड़के वालों पर जमीन-जायदाद की गलत जानकारी देने और जेवर भी उनके न होने का आरोप लगाया। मामला फफूंद पुलिस तक पहुंचा लेकिन काफी मान-मनौव्वल के बाद भी समझौता नहीं हुआ। शनिवार को दोनों पक्षों को फिर थाने बुलाया गया है।

फफूंद थाना क्षेत्र के गांव फक्कड़पुर में गुरुवार रात फूटाताल से बरात आई थी। बरात की अगवानी के बाद दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। फेरों की रस्म के वक्त लड़की पक्ष ने शादी से इन्कार कर दिया। लड़की और उसके स्वजन का आरोप था कि जेवर कम लाए हैं और जो जमीन बताई गई थी, वह भी लड़के की नहीं है, उसका अपना घर भी नही हैं। दोनों पक्ष से लोगों ने मामला सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। यह मामला दोपहर तक चलता रहा। अंत में वर पक्ष के लोग दूल्हे को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। थाना प्रभारी आलोक दुबे ने बताया कि वर पक्ष की तहरीर पर जांच की जा रही है। शनिवार सुबह दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है।

-------------------

पिता की डांट से क्षुब्ध किशोरी ने की खुदकुशी

संवादसूत्र, फफूंद: थाना के सल्लुहपुर गांव में पिता की डांट से क्षुब्ध होकर एक किशोरी ने फंदे पर लटककर खुदकुशी कर ली। जब स्वजन ने उसका शव फंदे पर लटकते देखा तो कोहराम मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गांव सल्लुहपुर निवासी महेंद्र कुमार खेती किसानी करके अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। शुक्रवार की सुबह उन्होंने 17 वर्षीय पुत्री शिवानी को किसी बात को लेकर डांट दिया। दोपहर में वह गेहूं काटने के लिए खेतों पर चले गए। घर पर शिवानी अकेली थी। दोपहर में स्वजन खेतों से वापस घर पर आए, तो देखा कमरे की कुंडी बंद है। उन्होंने शिवानी को आवाज लगाई, लेकिन कोई जबाव नहीं मिला। जिस पर उन्हें शक हुआ। जब स्वजन ने कमरे की कुंडी खोली तो देखा छत के ऊपर लगे पंखे के कुंडे में शिवानी का शव लटकता मिला। पुत्री का शव फंदे से लटकता देखा वह रोने लगे। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारा। मृतका मृतक अपने दो भाई अवनीश कुमार और प्रशांत से बड़ी थी। थाना निरीक्षक आलोक कुमार दुबे ने बताया कि मृतका के पिता ने किसी बात को लेकर उसे डांट दिया था। इसी बात से क्षुब्ध होकर उसने खुदकुशी कर ली।

chat bot
आपका साथी