वैशाख महीने में हो रहा मनभावन सावन सा अहसास

जागरण संवाददाता औरैया एक बार फिर मौसम का रुख सोमवार को बदला हुआ नजर आया। सुबह आसम

By JagranEdited By: Publish:Mon, 17 May 2021 11:24 PM (IST) Updated:Mon, 17 May 2021 11:24 PM (IST)
वैशाख महीने में हो रहा मनभावन सावन सा अहसास
वैशाख महीने में हो रहा मनभावन सावन सा अहसास

जागरण संवाददाता, औरैया: एक बार फिर मौसम का रुख सोमवार को बदला हुआ नजर आया। सुबह आसमान में बादल छाए रहने से सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। वहीं बूंदाबांदी ने वातावरण को पूरी तरह बदल दिया। हवा में नमी रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। मंद-मंद हवा में घरों से टहलने के लिए भी लोग निकले। बच्चे भी मैदान व खाली प्लाटों में खेलते नजर आए। सोमवार को लोग यह कहते भी दिखे कि वैशाख में सावन के महीने जैसा आभास हो रहा है। सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 35 व न्यूनतम 25 डिग्री रिकार्ड किया गया। मौसम व कृषि विज्ञानी डॉ. अनंत कुमार ने बताया कि 18 व 19 मई को मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है। देर रात तेज बारिश की संभावना है।

आसमान में छाए बादलों ने मौसम को मनभावन कर दिया। सूर्यदेव की किरणों को अपने आगोश में लेकर हल्की फुहार को जमीन तक आने दिया। इस तरह का मौसम देख एक पखवारे से तेज गर्मी से परेशान बुजुर्ग भी टहलने के लिए निकल पड़े। बच्चों के कदम भी घरों में नही ठहर सके। खेल के मैदान में पहुंचकर उछल कूद करते नजर आए। सोमवार सूर्योदय के समय से ही आसमान में बादल नजर आए। सूर्य की किरणें धरा तक नहीं पहुंच सकी। बादलों से छिटपुट बूंदाबांदी ने मौसम को ओर भी सुहावना बना दिया। कोरोना क‌र्फ्यू में सुबह से पूर्वाह्न 11 बजे तक मिली छूट का लोगों ने खुशनुमा मौसम का लुत्फ उठाया। मौसम व कृषि विज्ञानी डॉ. अनंत कुमार ने बताया कि मौसम में बदलाव आगे भी देखने को मिलेगा। एक दो दिन में तेज बारिश की संभावना बन रही है। इससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। मूंग की फसल के लिए बारिश लाभदायक है। वहीं मक्के की फसल पर भी बारिश का कोई असर नहीं पड़ेगा, यदि बारिश के साथ हवा की गति तेज रही तो फसल गिरने का खतरा बढ़ जाएगा। खेतों में बोई जाने वाले खरीद की फसलों के लिए बारिश बेहद लाभदायक होगी।

chat bot
आपका साथी