दीपावली में झिलमिलाते दिखेंगे गाय के गोबर से बने दीये

जागरण संवाददाता औरैया दीपावली पर इस बार गाय के गोबर से बने दीपक घरों में झिलमिलाते नज

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Oct 2021 11:20 PM (IST) Updated:Tue, 26 Oct 2021 11:20 PM (IST)
दीपावली में झिलमिलाते दिखेंगे गाय के गोबर से बने दीये
दीपावली में झिलमिलाते दिखेंगे गाय के गोबर से बने दीये

जागरण संवाददाता, औरैया : दीपावली पर इस बार गाय के गोबर से बने दीपक घरों में झिलमिलाते नजर आएंगे। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने प्रशिक्षण लेकर गाय के गोबर से दीपक व पूजन के लिए गणेश लक्ष्मी की मूर्तियां बनाने का काम शुरू किया। स्वरोजगार को दीपावली का उपहार समझकर वह कार्य को बखूबी अंजाम दे रही हैं। अभी तक जनपद के आठ स्वयं सहायता समूहों ने करीब एक लाख दीपक व 500 गणेश लक्ष्मी की मूर्तियों को तैयार कर लिया है। जो शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उपलब्ध होंगे।

जय गौ माता ग्रामोद्योग समिति के तत्वावधान में सुरभि व अन्नपूर्णा स्वयं सहायता समूह की महिलाएं शहर में गाय के गोबर से निर्मित दीपक, गणेश लक्ष्मी की मूर्ति, शुभ-लाभ, स्वास्तिक, श्रीओम आदि के चित्र निर्माण कर रही हैं। जनपद के अन्य कस्बा व शहरों में छह समूह की महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर इस कार्य करते हुए स्वरोजगार को दीपावली का उपहार मानकर उत्साहित हैं। समिति के महामंत्री संतोष गुप्ता ने बताया कि गाय के गोबर में लक्ष्मी का वास होता है। गाय का गोबर घर में रखने से सकारात्मक शक्तियों का निवास रहता है। घर में शांति व संपन्नता रहती है। पर्यावरण को सुरक्षित करने में विशेष योगदान होगा। इस वर्ष गाय के गोबर के दीपक को मोमबत्ती युक्त भी बनाया गया है। अगर हमें अर्थव्यवस्था की दृष्टि से चीन को मात देना है तो अपने देश में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के बने दीपकों, बंदनवार, झालर आदि का उपयोग दीपावली में करना होगा। सुरभि स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष रमा गुप्ता ने बताया कि स्वदेशी उत्पादों का हम सबको उपयोग करना चाहिए। गाय के गोबर से बने गणेश लक्ष्मी की मूर्तियों में तुलसी गिलोय व अन्य जड़ी बूटियों के बीज भी डाले गए हैं। इस बार जनपदवासियों के लिए दीपावली खास होने वाली है। दो से पांच रुपये प्रति दीपक की कीमत रखी है। 100 रुपये प्रति जोड़ा गणेश लक्ष्मी की मूर्तियां का मूल्य रखी गई है।

------------

निश्शुल्क वितरित किए जाएंगे दीपक

शहर की संस्था तुलसी शाखा की अध्यक्ष लक्ष्मी विश्नोई ने बताया कि गोबर के दीये की शुद्धता व जगमगाहट से लक्ष्मी मैया प्रसन्न होती हैं। दीपावली के पावन अवसर पर संस्था की ओर से लोगों को निश्शुल्क दीपक वितरित किए जाएंगे। उन्होंने पर्यावरण व वायु संरक्षण के दृष्टिगत लोगों से दीपावली त्योहार पर पटाखों को न चलाने की अपील की। संरक्षक मीरा गुप्ता, क्षमा सोनी, सुमन पोरवाल, रजनी गुप्ता, ज्योति विश्नोई, गुड्डन गुप्ता, शोभा विश्नोई, संगीता भदौरिया आदि ने पूर्ण सहयोग करने का संकल्प लिया।

chat bot
आपका साथी