जीवन सुरक्षा को जिला 'लाक', खौफ से चेहरे 'डाउन'

जागरण संवाददाता औरैया कोविड के बढ़ते केस को देखते हुए प्रत्येक रविवार लाकडाउन रहे

By JagranEdited By: Publish:Sat, 17 Apr 2021 11:12 PM (IST) Updated:Sat, 17 Apr 2021 11:12 PM (IST)
जीवन सुरक्षा को  जिला 'लाक', खौफ से चेहरे 'डाउन'
जीवन सुरक्षा को जिला 'लाक', खौफ से चेहरे 'डाउन'

जागरण संवाददाता, औरैया: कोविड के बढ़ते केस को देखते हुए प्रत्येक रविवार लाकडाउन रहेगा। जिले में शनिवार को रात आठ बजे से पुलिस व प्रशासन ने सख्ती करते हुए सोमवार सुबह सात बजे तक आपात व जरूरी सेवाओं को छोड़ सब कुछ 'लाक' करा दिया। इससे पहले बाजार व दुकानों में जरूरत की चीजों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ देखने को मिली। राशन के साथ दवाओं की दुकान पर भीड़ ज्यादा रही। सब्जी के ठेल से लेकर बाजार तक भीड़ रही। लोगों की भारी भीड़ देखते हुए पुलिस ने कहीं-कहीं सख्ती की। कोरोना के खौफ से लोगों के चेहरे 'डाउन' दिख रहे हैं।

हर दिन जिले में कोविड मरीजों की संख्या बढ़ रही है। जिस वजह से प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। शनिवार को रात आठ बजे लाकडाउन को प्रभावी बनाने के लिए मुख्य चौराहों व बाजार में सख्ती बढ़ा दी गई। डीएम सुनील कुमार वर्मा का कहना था कि सरकार की गाइडलाइन के तहत सारी कवायद होगी। जरूरी सेवाओं पर रोक नहीं होगी। ज्यादा जरूरी कार्य होने पर ही लोगों से घर से बाहर आने की अपील पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी कर रहे हैं। मास्क व शारीरिक दूरी के नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा।

------------

रात आठ बजे से पहले खरीदारी में जुटे रहे लोग:

बाजार में शाम 6.30 बजे अचानक लोगों की भीड़ बढ़ गई। वाहनों की आवाजाही के बढ़ने की वजह से कई स्थानों पर जाम लगने की समस्या से लोग परेशान रहे। बाजार में शारीरिक दूरी के नियम का पालन कहीं किया गया, लेकिन अधिकांश जगहों पर नहीं किया गया। सैनिटाइजर की व्यवस्था को लेकर भी दुकानदारों का रवैया उदासीन रहा। रुरुगंज, फफूंद, अजीतमल, कंचौसी, भाग्यनगर व सदर आदि क्षेत्रों के बाजार में भीड़ रही। लोगों के चेहरे पर इस बात का भी भय दिखा कि कहीं लाकडाउन अवधि बढ़ा न दी जाए।

इन सेवाओं पर रहेगी छूट:

- लाकडाउन में आपात सेवाओं के साथ दुग्ध वाहनों की आवाजाही व खाद सामग्री।

- केवल आवश्यक सेवाओं के लिए ट्रेन व बस सेवाएं।

- पेट्रोल पंप, वित्तीय व जरूरी सेवाओं से जुड़े संस्थान खुलेंगे।

- होटल आदि बंद रहेंगे केवल होम डिलीवरी की अनुमति होगी।

- सभी प्रतिष्ठान, सार्वजनिक स्थान, गतिविधियां बंद रहेंगी।

chat bot
आपका साथी