'राम का अस्तित्व नकारने वालों को सवाल करने का अधिकार नहीं'

जासं इटावा/औरैया भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार को यहां अयोध्या जमीन विवाद

By JagranEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 11:57 PM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 11:57 PM (IST)
'राम का अस्तित्व नकारने वालों को  सवाल करने का अधिकार नहीं'
'राम का अस्तित्व नकारने वालों को सवाल करने का अधिकार नहीं'

जासं, इटावा/औरैया : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार को यहां अयोध्या जमीन विवाद पर विपक्षियों को घेरते हुए कहा कि जो लोग राम में आस्था नहीं रखते हैं, राम और रामसेतु के अस्तित्व को नकारते हैं, राममंदिर से प्रेम नहीं करते हैं और राम भक्तों पर गोली चलवाते हैं, उन्हें सवाल पूछने का भी अधिकार नहीं है।

इटावा में कोरोना से मृत भाजपाइयों के स्वजन को ढांढस बंधाने आए भाजपा अध्यक्ष ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जिन्होंने देश को लूटा, भ्रष्टाचार किया, जिनकी किसी में आस्था नहीं है, वही लोग अब सवाल उठा रहे हैं। ऐसे लोग भला क्या राम की बात करेंगे, सच्चाई सबके सामने आ चुकी है। 2022 का विधानसभा चुनाव भाजपा ईमानदार, कर्मठ और परिश्रम की पराकाष्ठा पार करने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लड़ेगी और जीतेगी। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव पर कहा कि इटावा में जब नामांकन होगा, तब देख लेना कि भाजपा का ही जिला पंचायत अध्यक्ष चुना जाएगा। प्रदेश में किसके ज्यादा जिला पंचायत अध्यक्ष चुने जाएंगे, ये पता चल जाएगा।

------

कोरोना की तीसरी लहर से लड़ने को सरकार तैयार

इससे पहले औरैया में पूर्वाह्न करीब 11:10 बजे दिवंगत सदर विधायक रमेश दिवाकर के समरथपुर स्थित फार्म हाउस पर स्वजन को ढांढस बंधाने पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के बाद तीसरी लहर की आशंका है। उससे लड़ने के लिए सरकार ने कमर कस ली है। स्वास्थ्य सेवाओं में कोई कमी नहीं रखने को प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों से कहा गया है कि कतई कोताही न बरती जाए। कहीं भी खामियों को सीधे सरकार को बताएं। उन्हें तत्काल दूर किया जाएगा। कहा कि छोटे व बड़े बच्चों के उपचार के लिए अस्पतालों में बनने वाली यूनिट व संसाधनों की रिपोर्ट जिलेवार मांगी गई है। सभी जनप्रतिनिधियों से एक-एक स्वास्थ्य केंद्र गोद लेने की अपील की गई है। फार्म हाउस पर राज्यसभा सदस्य गीता शाक्य, जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्रा, संतोष उर्फ लल्ला शर्मा, जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा, एएसपी शिष्यपाल, एसडीएम रमेश यादव मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी