सात समंदर पार, भारतीय संस्कृति की बह रही बयार

जागरण संवाददाता औरैया अपने देश की माटी में रचे बसे अनिवासी भारतीय विदेश में भी भारतीय

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 05:21 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 05:21 PM (IST)
सात समंदर पार, भारतीय संस्कृति की बह रही बयार
सात समंदर पार, भारतीय संस्कृति की बह रही बयार

जागरण संवाददाता, औरैया : अपने देश की माटी में रचे बसे अनिवासी भारतीय विदेश में भी भारतीय संस्कृति व संस्कार उपजाने में तत्पर हैं। हिदू त्योहारों की महक वैश्विक पटल पर लाने को कृत संकल्प है। विदेशों में भी भारतीय संस्कृति व संस्कार को कायम रखने का भागीरथ प्रयास औरैया जिले का एक परिवार कर रहा है। करीब डेढ़ दशक से ब्रिटेन में बसे इस परिवार के जितेंद्र स्थानीय समुदाय में भारतीय संस्कृति व परंपराओं का पुरजोर प्रचार कर रहे हैं। करवा चौथ, दीपावली, होली आदि त्योहार हिदू परिवार एक साथ मिल जुलकर मनाते हैं। जिसकी तैयारियां पूरी कर रविवार को सुहागिनों ने धूमधाम से भारतीय परंपराओं के अनुसार चंद्रदर्शन कर पूजा आराधना की।

शहर के मोहल्ला हलवाई खाना निवासी जितेंद्र मोहन विश्नोई पुत्र ज्ञान प्रकाश विश्नोई इंग्लैंड के कीयंस मिल्टन शहर स्थित सेनतेंदर बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। बताते हैं कि यहां आकर जो चीज प्रभावित नहीं हुई है वह है भारतीय संस्कृति और संस्कार जो उन्हें भारत में मिले थे। यहां पर मिल्टन कीयंस हिदू एसोसिएशन के नाम से भारतीय समाज है। इसमें करीब 250 हिदुस्तानी जुड़े हुए हैं। उसी का परिणाम है कि पिछले पांच वर्षों में यहां ब्रिटिश सरकार की सहमति व सहयोग से एक मंदिर का निर्माण हुआ। प्रत्येक शनिवार को लोग यहां सपरिवार जाकर हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। जितेंद्र का कहना है कि हमारे भारतीय हिदू त्योहारों के प्रति ज्यादा जागरूक हुए हैं। दुर्गा पूजा, गणेश चतुर्थी, नवरात्र, करवा चौथ, दीपावली, होली आदि सभी त्योहार बड़े पैमाने पर मनाए जाते हैं।

-----------

ब्रिटेन के पीएम ने दी थी दीपावली की शुभकामनाएं:

भारतीय परंपराओं को ब्रिटेन में फैलाने की जीजिविषा का ही प्रतिफल है कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने भारतीय समाज को दीपावली की शुभकामनाएं दी थीं। साथ ही ब्रिटेन के संसद भवन में दीप प्रज्ज्वलित किए गए थे।

chat bot
आपका साथी