कोहरे में हाईवे पर फिर टकराए वाहन, दो घंटे तक जाम

गजरौला कोहरे के कारण रोजाना हाईवे पर हादसे हो रहे हैं। जाम की समस्या से वाहन चालक परेशान रहे।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 03 Jan 2021 10:56 PM (IST) Updated:Sun, 03 Jan 2021 10:56 PM (IST)
कोहरे में हाईवे पर फिर टकराए वाहन, दो घंटे तक जाम
कोहरे में हाईवे पर फिर टकराए वाहन, दो घंटे तक जाम

गजरौला : कोहरे के कारण रोजाना हाईवे पर हादसे हो रहे हैं। जाम की समस्या से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी क्रम में गांव कांकाठेर के पास एक बार फिर से चार वाहन आपस में टकरा गए। जिसके कारण जाम लग गया।

हाईवे पर कोहरा ही नहीं बल्कि सड़क किनारे खड़े होने वाले वाहन भी परेशानी का सबब बन रहे हैं। शनिवार की रात में सिलेंडर से लदा एक ट्रक गांव कांकाठेर के पास खड़ा था। दिल्ली दिशा से जा रही इनोवा कार के चालक को कोहरे के कारण ट्रक नहीं दिखा और कार उसमें घुस गई। इस दौरान पीछे चल रहीं तीन कारें भी एक के पीछे एक टकराती चली गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। लेकिन, क्षतिग्रस्त वाहन सड़क पर खड़े होने की वजह से जाम की समस्या उत्पन्न हो गई।

बाद में पहुंची हाईवे पुलिस ने क्रेन के माध्यम से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि कोहरे के कारण रोजाना हादसे हो रहे हैं। उधर रजबपुर में भी हाईवे पर गन्ना लदा ट्राला पलट गया। देवीपुरा गांव में स्थित गन्ना क्रय केंद्र से ट्राले में गन्ना लाद कर जैसे ही चालक हाईवे पर पहुंचा तो वह पलट गया। इससे जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से गन्ना व ट्राला हटवा कर जाम खुलवाया। लगभग एक घंटा तक यातायात व्यवस्था चरमराई रही।

हादसे में बाइक सवार घायल

अमरोहा: हाईवे पर अनियंत्रित हुई बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में गजरौला निवासी दो युवक घायल हो गए। मुहल्ला नाईपुरा निवासी राकेश कुमार व संजीव बाइक पर सवार होकर रविवार को मुरादाबाद जा रहे थे। अतरासी के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया है।

chat bot
आपका साथी