बेमौसम बरसात ने दिए अन्नदाता को जख्म, बिखर गए अरमान

हसनपुर रविवार सुबह से हो रही बेमौसम वर्षा से सामान्य जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 12:06 AM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 12:06 AM (IST)
बेमौसम बरसात ने दिए अन्नदाता को जख्म, बिखर गए अरमान
बेमौसम बरसात ने दिए अन्नदाता को जख्म, बिखर गए अरमान

हसनपुर : रविवार सुबह से हो रही बेमौसम वर्षा से सामान्य जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। वर्षा से धान व गन्ने की फसल जमीन पर गिरने से नुकसान हुआ है। वहीं हाल ही में बोई गई आलू व सरसों की फसल खेतों में पानी भरने से जमते ही नष्ट हो गईं। सब्जी के खेतों में भी पानी भरने से लौकी, तोरई, गोभी, पालक व शलजम आदि की फसलें नष्ट हो गई हैं। धान की फसल की कटाई का कार्य चल रहा है। धान की खड़ी फसल गिरकर पानी भरने तथा कटी हुई फसल के खेतों में पड़ा होने से पानी में डूबकर नष्ट हो गई हैं। ऐसे ही हालात गजरौला में नजर आए। यहां पर खेतों में किसानों की फसल जमीन पर गिर गई। बेमौसम वर्षा से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। धान, सरसों, आलू, लौकी, तोरई आदि की फसलें नष्ट हो गई हैं। गन्ने की फसल भी जमीन पर गिरने से काफी नुकसान हुआ है। शासन से मांग है कि राजस्व विभाग की टीम गांवों में भेजकर फसलों में हुए नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाया जाए।

- प्रमोद नागर युवा प्रदेश उपाध्यक्ष भाकियू भानू। बेमौसम वर्षा से फसलों में नुकसान होने से किसान बर्बाद हो गए हैं। धान, गन्ना, सरसों, आलू तथा अन्य सब्जी की फसलें पानी भरने से बर्बाद हो गई हैं। फसलों में हुए नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा दिलाया जाए।

- अनोज कुमार किसान। महंगी बिजली, खाद तथा बीज डालकर किसानों ने फसल तैयार की थी। बेमौसम वर्षा ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। सरसों व आलू की फसल अभी जमकर तैयार भी नहीं हुई थी कि खेतों में जलभराव से नष्ट हो गई है। दूसरी फसलों का भी बुरा हाल है।

- सरदार सिंह, किसान। धान की फसल किसानों ने महंगाई के दौर में बड़ी हसरत के साथ तैयार की थी। कटाई चल रही है पकी हुई फसल खेतों में पानी भरने से बर्बाद हो गई है। प्रकृति के प्रकोप से अन्नदाता दुखी हो रहे हैं। सरकार को मुआवजा देकर किसानों की मदद करनी चाहिए।

- राजपाल शर्मा किसान। एक तरफ महंगाई से किसान परेशान हैं। डीएपी के रेट हाल ही में बढ़ाए गए हैं। ऊपर से बेमौसम वर्षा की मार किसानों से झेली नहीं जा रही है। दो दिन से हो रही वर्षा से किसानों की फसल बर्बाद हो गई हैं। फसलों में हुए नुकसान का मुआवजा दिलाया जाए।

- वेदराम सैनी किसान। जिन किसानों ने अपनी धान तथा अन्य फसलों का बीमा करा रखा है वह टोल फ्री नंबर पर सूचना दें। प्रत्येक ब्लाक में बीमा कर्मचारी भी किसानों की फसलों में हुए नुकसान का सर्वे कर रहे हैं। किसानों की फसलों में हुए नुकसान का सर्वे कराकर शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

- राजीव कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी, अमरोहा।

chat bot
आपका साथी