गंगा में कीटनाशक डालकर मछली मारते तीन गिरफ्तार

गजरौला गंगा में कीटनाशक दवा डालकर अवैध रूप से मछलियां मारने वाले तीन मछुआरों को वन विभाग की टीम ने गिरफतार किया है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Sep 2020 06:52 PM (IST) Updated:Thu, 24 Sep 2020 06:52 PM (IST)
गंगा में कीटनाशक डालकर मछली मारते तीन गिरफ्तार
गंगा में कीटनाशक डालकर मछली मारते तीन गिरफ्तार

गजरौला : गंगा में कीटनाशक दवा डालकर अवैध रूप से मछलियां मारने वाले तीन मछुआरों को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से 18 किलो मृत मछलियां, तीन बाइक, कीटनाशक दवा के डिब्बे व जाल बरामद किए हैं। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया।

गुरुवार की तड़के पांच बजे वन क्षेत्राधिकारी करन सिंह के नेतृत्व में वन दारोगा मनोज कुमार, सुनील चंदोला, वन रक्षक शाह आलम व नरेश की टीम ने खादर क्षेत्र के गांव पपसरा खादर में बांध के पास छापा मारा। यहां से गांव पपसरा खादर निवासी अलाउद्दीन पुत्र गियासुद्दीन, रिहान पुत्र उमर मुहम्मद व थाना डिडौली के गांव भीकनपुर मुंडा निवासी सुनील पुत्र बेगराज को गिरफ्तार किया। इनके पास तीन बाइक, 18 किलो मृत मछलियां, जाल व चार कीटनाशक दवा के डिब्बे बरामद किए हैं। वन विभाग द्वारा तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया है।

वन क्षेत्र अधिकारी करन सिंह ने बताया यह धंधा काफी लंबे समय से चला आ रहा था। लगातार इसकी सूचना मिल रही थी। यह लोग मछलियों को मारकर इंसानी जीवन से भी खिलवाड़ कर रहे थे। क्योंकि कीटनाशक दवा से मछली मारकर उन्हें गांव में फेरी कर बेचते थे। इस धंधे से जुड़े कई लोग अभी फरार हैं। उनकी तलाश भी की जा रही है।

chat bot
आपका साथी