युवक की हत्या कर शव घर में फेंका

रजबपुर शनिवार को दोपहर बाद घर से लापता युवक का शव सोमवार की सुबह घर में ही पड़ा मिला।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 09 May 2021 11:48 PM (IST) Updated:Sun, 09 May 2021 11:48 PM (IST)
युवक की हत्या कर शव घर में फेंका
युवक की हत्या कर शव घर में फेंका

रजबपुर : शनिवार को दोपहर बाद घर से लापता युवक का शव सोमवार की सुबह घर में ही पड़ा मिला। उसके सिर पर चोट लगी थी तथा गला भी दबाया गया था। यानि हत्या कर शव घर में फेंका गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

यह घटना रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव फैयाजनगर की है। यहां पर किसान धर्मेंद सिंह का परिवार रहता है। वर्ष 2020 में धर्मेंद्र सिंह की पत्नी की मौत हो गई तथा वर्ष 2010 में धर्मेंद्र का भी निधन हो गया। परिवार में दो बेटे शिवम व सत्यम हैं। शिवम अतरासी- हसनपुर रोड पर केंटीन चलाता था परंतु दो महीना से वह भी बंद है। जबकि सत्यम मुरादाबाद के हिदू कालेज में बीएससी का छात्र है। दोनों भाइयों के पास 40 बीघा खेती की जमीन है। इन दिनों दोनों भाई खेतीबाड़ी ही कर रहे थे।

बताते हैं कि शिवम शनिवार दोपहर बाद चार बजे अचानक लापता हो गया। शाम होने पर भी वह घर नहीं पहुंचा तो सत्यम ने सोचा कि रात में आ जाएगा। लिहाजा वह छत पर जाकर सो गया। रविवार सुबह जब सत्यम सोकर उठा, नीचे आया तो कमरे में शिवम का खून से लथपथ शव पड़ा था। भाई के शव को देख कर उसकी चीख निकल गई तथा वह शोर मचाता हुआ बाहर की तरफ भागा। शोर सुनकर गांव के लोग भी मौके पर पहुंचे। देखा तो शिवम का शव फर्श पर पड़ा था। उसके सिर से खून बह रहा था। गला दबाने का निशान था तथा हाथ में प्लास्टिक की डोरी बंधी थी। शरीर पर भी कई स्थान पर चोट के निशान थे। यानि उसकी हत्या की गई थी।

सूचना पाकर सीओ सतेंद्र सिंह व प्रभारी निरीक्षक शरद मलिक घटना स्थल पर आ गए। जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। सत्यम की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कई बिदु पर पुलिस जांच कर रही है। जल्दी ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी