सूरज की तपिश के साथ खिलता गया मतदान का रंग

अमरोहा सूरज की तपिश के साथ पंचायत चुनाव का रंग खिलता गया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 12:04 AM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 12:04 AM (IST)
सूरज की तपिश के साथ खिलता गया मतदान का रंग
सूरज की तपिश के साथ खिलता गया मतदान का रंग

अमरोहा: सूरज की तपिश के साथ पंचायत चुनाव का रंग खिलता गया। सुबह एक घंटा तक बूथों पर एक-दो मतदाता नजर आए लेकिन, सूर्य की गर्मी के साथ ही जोश और उत्साह बढ़ता चला गया। नतीजतन शाम तक बूथों पर मतदाताओं की लाइनें नजर आईं। धूप की गर्माहट भी उनके उत्साह के आगे कमजोर दिखी। युवा से लेकर बुजुर्ग तक कतारों में खड़े होकर बारी का इंतजार करते रहे। मतदान कर लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा लिया।

जनपदभर में सुबह सात बजे वोटिग शुरू हुई। आठ बजे तक पोलिग पार्टियां मतदाताओं की राह तकती नजर आईं। बूथों पर एक या दो ही लोग मतदान के लिए पहुंच रहे थे लेकिन, इसके बाद बूथों का नजारा बदलता गया। सूरज की जिस तरह गर्मी बढ़ती गई, उसी तरह मतदाताओं का तापमान चढ़ता गया। धीरे-धीरे वोटर अपने-अपने बूथों पर पहुंचने लगे और देखते ही देखते कतारें लंबी होती गईं। किसी के चेहरे पर न तो कोरोना का भय दिख रहा था और न ही कोई शारीरिक दूरी का पालन कर रहा था।

लंबी-लंबी लाइनों में हर कोई खड़ा होकर बारी का इंतजार कर रहा था। मन में अगर कुछ था तो बस यही कि चहेते उम्मीदवार के पक्ष में वोट पड़ जाए। अब उसके लिए चाहें कितनी ही देर क्यों न हो जाए। वोट डालने के बाद ही बूथों से जाएंगे। हालांकि, इस दरम्यान कई बूथों पर लाइन में खड़े-खड़े मतदाता पस्त हुए और बैठ गए। जैसे ही संख्या कम हुई वैसे ही उठकर चहेते के पक्ष में वोटिग की। गर्मी का सितम भी उनके हौसले को नहीं डिगा सका। बीमार व बुजुर्गों को दी प्राथमिकता

अमरोहा: मतदान के दौरान वोटरों ने बीमार व 80 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों का पूरा ध्यान रखा। लाइन में लगवाने की बजाय उनको प्राथमिकता के साथ आगे खड़ा कराकर मतदान कराया। किसी भी बुजुर्ग या बीमार को परेशान नहीं होने दिया।

chat bot
आपका साथी