भाजपा के सत्ता संभालते ही प्रदेश में आया कानून का राज : भूपेंद्र

अमरोहा प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा भाजपा सरकार जब से सत्ता में आई कानून का राज स्थापित हो गया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 11:21 PM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 11:21 PM (IST)
भाजपा के सत्ता संभालते ही प्रदेश में आया कानून का राज : भूपेंद्र
भाजपा के सत्ता संभालते ही प्रदेश में आया कानून का राज : भूपेंद्र

अमरोहा: प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा भाजपा सरकार जब से सत्ता में आई है तब से प्रदेश की जनता अपने आप को सुरक्षित महसूस कर रही है। सभी वर्गों के विकास के लिए कार्य किए जा रहे हैं। जनता सरकार के कार्यों से संतुष्ट है। इससे उसकी लोकप्रियता बढ़ती जा रही है। अच्छे कार्यों की बदौलत ही भाजपा फिर से सत्ता में आएगी।

सोमवार की दोपहर 12 बजे वह कलक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से वार्ता कर सरकार की साढ़े चार साल की उपलब्धियां गिना रहे थे। कहा भाजपा सरकार ने आम आदमी से जुड़ी हर समस्या का समाधान किया है। गरीब से लेकर किसानों तक के विकास को योजनाएं चलाई हैं। इनका लाभ उनको मिल रहा है। पिछली सरकारों के कार्यकाल में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं थी लेकिन जब से भाजपा सत्ता में आई है तब से कानून का राज कायम हो गया है। महिलाएं बेखौफ होकर घरों से निकल रही हैं। उनका मान सम्मान बढ़ गया है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं। हर योजना में स्वयं सहायता समूह को प्राथमिकता दी जा रही है। गांवों में बने शौचालयों की देखरेख तक की जिम्मेदारी उनको सौंपी गई है।

कहा कोरोना काल में सरकार ने मजबूत स्वास्थ्य ढांचा तैयार किया और उसको नियंत्रण करने में सफलता हासिल की। जो सरकारें दस साल में भी काम नहीं कर पाईं, वह भाजपा ने साढ़े चार साल में ही कर डाले। यही वजह है कि भाजपा के राज में हर वर्ग के लोग खुशहाल जिदगी गुजार रहे हैं। पार्टी की नीतियों से संतुष्ट हैं। इस मौके पर जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक पूनम, मुख्य विकास अधिकारी चंद्रशेखर शुक्ला, नौगावां सादात की विधायक संगीता चौहान, युद्धवीर सिंह, पूरन सिंह सैनी, राकेश वर्मा आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी